भारतीय सेना के इंटर विलेज टी-10 टूर्नामेंट में गढ़ी क्रिकेट क्लब बना चैंपियन
जम्मू, 12 जुलाई (हि.स.)।
भारतीय सेना द्वारा ज्योड़ियाँ क्षेत्र में आयोजित इंटर विलेज टी-10 क्रिकेट टूर्नामेंट का सफल समापन हुआ। प्रतियोगिता में क्षेत्र की 16 टीमों ने हिस्सा लिया। फाइनल मुकाबले में गढ़ी क्रिकेट क्लब ने करंगी क्रिकेट क्लब को 12 रन से हराकर खिताब अपने नाम किया।
पहले बल्लेबाजी करते हुए गढ़ी क्रिकेट क्लब ने 10 ओवर में 99 रन बनाए जबकि लक्ष्य का पीछा करने उतरी करंगी क्रिकेट क्लब की टीम 87 रन ही बना सकी। समापन समारोह में विधायक मोहन लाल भगत मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए और विजेता व उपविजेता टीमों को ट्रॉफी एवं पुरस्कार वितरित किए।
विधायक ने भारतीय सेना की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, सकारात्मक गतिविधियों से जुड़ने तथा नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने के लिए प्रेरित करते हैं।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

