श्री ब्राह्मण सभा कठुआ में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस

WhatsApp Channel Join Now
श्री ब्राह्मण सभा कठुआ में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस


कठुआ, 15 अगस्त (हि.स.)। श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के परिसर में 80वां स्वतंत्रता दिवस देशभक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभा के अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता ने सभा के सदस्यों के साथ मिलकर राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इसके उपरांत सभी ने राष्ट्रगान गाकर देश के प्रति सम्मान एवं समर्पण की भावना व्यक्त की।

समारोह के दौरान परिसर देशभक्ति के नारों से गूंज उठा। सभा के सदस्यों ने स्वतंत्रता संग्राम के महान सेनानियों एवं देश के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

अध्यक्ष सुरेंद्र मेहता ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस हमें देश की आजादी के लिए संघर्ष और बलिदान देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों की याद दिलाता है। उन्होंने कहा कि देश की एकता, अखंडता और भाईचारे को मजबूत बनाना हम सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी से समाज एवं राष्ट्रहित में मिलकर कार्य करने का आह्वान किया। इस अवसर पर सभा के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और देश की प्रगति, शांति एवं समृद्धि की कामना करते हुए सभी को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story