खेलों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी जम्मू-कश्मीर में एक सकारात्मक बदलाव को दर्शाती है: दुल्लू

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 15 सितंबर (हि.स.)। मुख्य सचिव अटल दुल्लू ने मंगलवार को कहा कि खेलों में युवाओं की बढ़ती भागीदारी जम्मू-कश्मीर में एक सकारात्मक बदलाव को दर्शाती है जहां युवा अपने सपनों को साकार करने के लिए खेल मंचों का अधिकाधिक उपयोग कर रहे हैं।

बारामुला के जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में सीपीएल के समापन समारोह को संबोधित करते हुए दुल्लू ने कहा कि खेल युवाओं के लिए अपने सपनों को साकार करने का एक मंच बनकर उभर रहे हैं जबकि खेल के मैदान जीवन की कक्षाओं के रूप में कार्य करते हैं जहां युवा मूल्यवान सबक सीखते हैं और अपनी प्रतिभा दिखाने और अपनी क्षमता साबित करने के अवसर प्राप्त करते हैं।

उन्होंने लीग के आयोजन और युवा खिलाड़ियों को क्रिकेट के माध्यम से अपनी महत्वाकांक्षाओं को पूरा करने का मंच प्रदान करने के लिए भारतीय सेना के डैगर डिवीजन की सराहना की।

दुल्लू ने कहा कि टूर्नामेंट में 10 से अधिक जिलों के लगभग 1,600 खिलाड़ियों ने भाग लिया। उन्होंने बच्चों को सहयोग देने और उन्हें खेल संबंधी आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए ऐसे मंचों का उपयोग करने के लिए प्रोत्साहित करने हेतु अभिभावकों की सराहना भी की। मुख्य सचिव ने कहा कि सरकार जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में बुनियादी ढांचे को और उन्नत करेगी ताकि खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकें और दर्शकों का अनुभव विशेष रूप से दिन-रात चलने वाले खेल आयोजनों के दौरान बेहतर हो सके।

उन्होंने आगे कहा कि इस तरह की खेल पहल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम वर्क और अन्य ऐसे गुण विकसित करने में मदद करती हैं जो खेल के मैदान से परे भी मूल्यवान बने रहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story