समावेशी विकास हमारी प्रतिबद्धता-सांबा दौरे में मंत्री जावेद राणा का सख्त संदेश

WhatsApp Channel Join Now
समावेशी विकास हमारी प्रतिबद्धता-सांबा दौरे में मंत्री जावेद राणा का सख्त संदेश


जम्मू, 11 जून (हि.स.)। जल शक्ति, वन, पारिस्थितिकी एवं पर्यावरण तथा जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने सांबा के बाड़ी ब्राह्मणा में समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को जनता की शिकायतों का त्वरित और समयबद्ध निपटारा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंत्री ने स्पष्ट कहा कि जनहित सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी शिकायत को लंबित नहीं रहने दिया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को जवाबदेह और सक्रिय कार्यशैली अपनाने पर जोर देते हुए फील्ड स्तर पर शिकायतों की निगरानी के लिए मजबूत व्यवस्था बनाने को कहा। जल शक्ति विभाग के संबंध में राणा ने सभी क्षेत्रों में स्वच्छ पेयजल की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने, विशेषकर ग्रामीण इलाकों में लंबित योजनाओं को शीघ्र पूरा करने और खराब पाइपलाइन व हैंडपंपों की मरम्मत प्राथमिकता से करने के निर्देश दिए।

वन एवं पर्यावरण विभाग को निर्देश देते हुए उन्होंने हरित पहल को तेज करने, वन अधिकार मामलों का शीघ्र निपटारा करने तथा वन आश्रित समुदायों की समस्याओं के समाधान के लिए समन्वय बढ़ाने को कहा। मंत्री ने विकास परियोजनाओं को तय समयसीमा में पूरा करने पर जोर देते हुए कहा कि गुणवत्ता और पारदर्शिता से कोई समझौता नहीं होगा। उन्होंने अधिकारियों को नियमित फील्ड विजिट करने और योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। इससे पहले मंत्री ने जन-सुनवाई कार्यक्रम में स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और सभी मांगों के जल्द समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने दोहराया कि सरकार जम्मू-कश्मीर के हर क्षेत्र में समान और समावेशी विकास के लिए प्रतिबद्ध है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story