केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में महार्षि अरविंद लाइब्रेरी के नए भवन का उद्घाटन

WhatsApp Channel Join Now
केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में महार्षि अरविंद लाइब्रेरी के नए भवन का उद्घाटन


केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में महार्षि अरविंद लाइब्रेरी के नए भवन का उद्घाटन


जम्मू, 03 जून (हि.स.)। केंद्रीय विश्वविद्यालय जम्मू में आज चाणक्य भवन स्थित महार्षि अरविंद लाइब्रेरी के नए भवन का उद्घाटन कुलपति प्रो. संजीव जैन ने किया। इस अवसर पर विश्वविद्यालय के डीन, निदेशक, विभागाध्यक्ष, संकाय सदस्य, विश्वविद्यालय अधिकारी तथा पुस्तकालय कर्मी उपस्थित रहे। उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रो. संजीव जैन ने कहा कि विश्वविद्यालय में शिक्षण, अधिगम और अनुसंधान गतिविधियों को मजबूत बनाने में पुस्तकालय की महत्वपूर्ण भूमिका है।

उन्होंने बताया कि महार्षि अरविंद लाइब्रेरी अपने डिजिटल संसाधनों तक 24 घंटे और हफ्ते के सातो दिन रिमोट एक्सेस सुविधा प्रदान करती है जिससे शोधार्थी, विद्यार्थी और शिक्षक कहीं से भी शैक्षणिक सामग्री प्राप्त कर सकते हैं।

कुलपति ने जानकारी दी कि शीघ्र ही लाइब्रेरी में ई-लाइब्रेरी सुविधा भी शुरू की जाएगी जिससे डिजिटल शिक्षा को और बढ़ावा मिलेगा। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय द्वारा प्रदान की गई सभी पीएचडी शोध प्रबंधों को शोधगंगा रिपॉजिटरी पर अपलोड किया जा चुका है जिससे गुणवत्तापूर्ण शोध का व्यापक प्रसार सुनिश्चित हुआ है। प्रो. जैन ने बताया कि नई लाइब्रेरी आधुनिक सुविधाओं और समृद्ध शैक्षणिक संसाधनों से सुसज्जित है। यहां बुक बैंक योजना के तहत 18 हजार से अधिक पुस्तकें, भारतीय ज्ञान प्रणाली (आईकेएस) से संबंधित 2 हजार से अधिक पुस्तकें, लगभग 1,500 ई-पुस्तकें तथा ‘वन नेशन वन सब्सक्रिप्शन’ पहल के माध्यम से करीब 30 प्रकाशकों के एक लाख से अधिक ई-जर्नल्स उपलब्ध हैं। लाइब्रेरी में एक समय में 150 से अधिक पाठकों के बैठने की व्यवस्था है तथा यह पूरी तरह वातानुकूलित और आधुनिक फर्नीचर से सुसज्जित है।

उन्होंने बताया कि शोध की गुणवत्ता बनाए रखने के लिए लाइब्रेरी में आईथेंटिकेट, एंटी-प्लेगरिज्म सॉफ्टवेयर की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। समारोह के अंत में कुलपति एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने नवस्थापित लाइब्रेरी का दौरा कर सुविधाओं का अवलोकन किया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story