डोरू में रैपिड सैंड फिल्ट्रेशन प्लांट का उद्घाटन, जल योजनाओं की समीक्षा
अनंतनाग, 24 जून (हि.स.)। दक्षिण कश्मीर में पेयजल व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम उठाते हुए जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने डोरू में 0.31 एमजीडी क्षमता वाले रैपिड सैंड फिल्ट्रेशन प्लांट का उद्घाटन किया। इस परियोजना से क्षेत्र के हजारों लोगों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध होगा।
इस अवसर पर डोरू के विधायक गुलाम अहमद मीर, अनंतनाग पश्चिम के विधायक अब्दुल मजीद भट सहित जल शक्ति विभाग के वरिष्ठ अधिकारी और स्थानीय प्रतिनिधि मौजूद रहे। यह योजना पहले से जुड़े 2164 घरों को बेहतर जल आपूर्ति सुनिश्चित करेगी। उद्घाटन के बाद मंत्री ने काजीगुंड के नवयुग टनल के पास जल जीवन मिशन के तहत बन रही जलापूर्ति योजना का निरीक्षण किया और अधिकारियों को कार्य में तेजी लाने तथा गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मंत्री राणा ने कहा कि सरकार हर घर तक सुरक्षित और पर्याप्त पेयजल पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है और सभी परियोजनाओं को तय समय सीमा में पूरा किया जाएगा। बाद में मंत्री ने डोरू में जनसुनवाई कार्यक्रम भी आयोजित किया जहां लोगों ने विभिन्न समस्याएं रखीं। मंत्री ने सभी जायज मांगों के समाधान का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

