चिची माता मंदिर में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए कियोस्क का उद्घाटन, महिलाओं को मिलेगा रोजगार का नया अवसर

WhatsApp Channel Join Now
चिची माता मंदिर में महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए कियोस्क का उद्घाटन, महिलाओं को मिलेगा रोजगार का नया अवसर


सांबा, 24 फरवरी (हि.स.)। जिला सांबा में महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना के तहत महिला स्वयं सहायता समूहों के लिए कियोस्क का उद्घाटन चिची माता मंदिर परिसर में किया गया। कियोस्क का उद्घाटन उपायुक्त सांबा आयुषी सूदन आईएएस ने वरिष्ठ अधिकारियों की उपस्थिति में किया।

इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाना और उनके लिए स्थायी आजीविका के अवसर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ योजना केवल बालिका शिक्षा और लिंगानुपात सुधार तक सीमित नहीं है बल्कि महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण और वित्तीय स्थिरता को भी सुनिश्चित करती है। कार्यक्रम में एडीसी सांबा, एसीआर सांबा, जिला समाज कल्याण अधिकारी सहित अन्य अधिकारियों ने भाग लिया और स्वयं सहायता समूहों के प्रयासों की सराहना करते हुए उपलब्ध सुविधाओं का बेहतर उपयोग करने के लिए प्रेरित किया। यह पहल जिले में समावेशी विकास और महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story