जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू में ई-यंत्र लैब का उद्घाटन, तकनीकी शिक्षा को नई दिशा

WhatsApp Channel Join Now
जीजीएम साइंस कॉलेज जम्मू में ई-यंत्र लैब का उद्घाटन, तकनीकी शिक्षा को नई दिशा


जम्मू, 30 मार्च (हि.स.)। जीजीएम साइंस कॉलेज, जम्मू में तकनीकी शिक्षा को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए ई-यंत्र लैब का उद्घाटन किया गया। यह लैब भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) बॉम्बे की प्रतिष्ठित पहल के तहत स्थापित की गई है। उद्घाटन समारोह में ई-यंत्र प्रोजेक्ट के संस्थापक प्रो. कवी आर्या ने ऑनलाइन माध्यम से शिरकत करते हुए कार्यक्रम के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने आधुनिक शिक्षा में रोबोटिक्स और एम्बेडेड सिस्टम्स के बढ़ते महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यह पहल छात्रों में प्रोजेक्ट-आधारित शिक्षा, नवाचार और व्यावहारिक कौशल को बढ़ावा देती है।

इस अवसर पर देशभर के विभिन्न कॉलेजों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया और कार्यक्रम को एक सहयोगात्मक अकादमिक मंच का रूप दिया। कॉलेज के प्राध्यापकों और छात्रों ने भी चर्चा और संवाद सत्रों में सक्रिय भागीदारी निभाई। इससे पूर्व प्रो. मोना सेठी और प्रो. राजेश भारद्वाज ने कॉलेज में ई-यंत्र कार्यक्रम की वर्तमान स्थिति और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं प्रो. विप्पन कुमार और प्रो. अमीक रहमान चौधरी ने तकनीकी पहलुओं पर विस्तृत सत्र आयोजित किए।

कॉलेज के प्राचार्य प्रो. (डॉ.) रोमेश कुमार गुप्ता ने आईआईटी बॉम्बे का आभार व्यक्त करते हुए इसे छात्रों के लिए एक बड़ा अवसर बताया। उन्होंने कहा कि यह लैब छात्रों की तकनीकी दक्षता बढ़ाने और उन्हें आधुनिक उद्योगों की मांगों के अनुरूप तैयार करने में सहायक सिद्ध होगी।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story