कठुआ में दिनदहाड़े बैग काटकर 45 हजार उड़ाए, बढ़ते अपराध से लोगों में दहशत

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में दिनदहाड़े बैग काटकर 45 हजार उड़ाए, बढ़ते अपराध से लोगों में दहशत


कठुआ, 07 मई (हि.स.)। कठुआ शहर में चोरी, लूटपाट और डकैती जैसी वारदातों में लगातार बढ़ोतरी चिंता का विषय बनती जा रही है। ताजा मामला जेके बैंक पारलीबंड शाखा के बाहर सामने आया है जहां अज्ञात चोरों ने बड़ी चालाकी से किरण निवासी वार्ड 9 कठुआ नामक महिला के बैग को काटकर 45 हजार रुपये उड़ा लिए।

जानकारी के अनुसार एक महिला अपनी माता के साथ जेके बैंक पारलीबंड शाखा से 45 हजार रुपये निकालकर बाहर निकली। पैसे बैग में रखने के बाद वे पास की एक जूस की दुकान पर रुकीं। इसके बाद जब वे अपने घर की ओर लौट रही थीं तो घर के पास पहुंचने पर उन्होंने देखा कि उनके बैग के दोनों तरफ ब्लेड या नुकीले औजार से कट लगाए गए थे और अंदर रखा पैसों का लिफाफा गायब था। महिला का कहना है कि उसने पूरे समय बैग अपने हाथ में ही रखा था लेकिन बाजार में भीड़भाड़ का फायदा उठाकर अज्ञात गिरोह ने वारदात को अंजाम दिया। घटना की शिकायत कठुआ पुलिस थाने में दर्ज करवा दी गई है।

पुलिस अब बैंक और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। स्थानीय लोगों में इस घटना के बाद काफी रोष और डर का माहौल है। लोगों का कहना है कि पहले शांत माने जाने वाला कठुआ अब असुरक्षित होता जा रहा है। बढ़ते नशे की लत के कारण कुछ युवा अपराध की राह पर बढ़ रहे हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं सामने आ रही हैं।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि बैंक से पैसे निकालते समय विशेष सतर्कता बरतें और अपने सामान को सुरक्षित रखें। वहीं, इस घटना ने शहर की सुरक्षा व्यवस्था पर भी कई सवाल खड़े कर दिए हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story