पुलिस ने खैर माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खैर लकड़ी से भरा एक महिंद्रा वाहन किया जब्त

WhatsApp Channel Join Now

कठुआ, 05 फ़रवरी (हि.स.)।

उपमंडल हीरानगर में पुलिस ने खैर माफिया के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध खैर लकड़ी से भरा एक महिंद्रा वाहन जब्त किया है। यह कार्रवाई थाना प्रभारी अमित सांगड़ा के नेतृत्व में गुप्त सूचना के आधार पर की गई।

सूचना मिलते ही पुलिस ने इलाके में नाकाबंदी की और संदिग्ध वाहन को रोककर तलाशी ली। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में खैर की लकड़ी बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामला दर्ज किया।

पुलिस का कहना है कि इस तस्करी के पीछे सक्रिय नेटवर्क की पहचान के लिए जांच तेज कर दी गई है। अब तस्करी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि अवैध लकड़ी तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लंबे समय से खैर के पेड़ों की अवैध कटाई हो रही है। कई जगह बिना अनुमति या नकली अनुमति के पेड़ काटे जा रहे हैं जिससे जंगलों को भारी नुकसान पहुँच रहा है। पर्यावरण विशेषज्ञों ने भी लगातार खैर के पेड़ों की कटाई पर चिंता जताई है। उनका कहना है कि इससे वन संपदा घट रही है और पर्यावरण संतुलन पर असर पड़ रहा है। उन्होंने पुलिस और वन विभाग से मिलकर संयुक्त अभियान चलाने की मांग की है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story