पुंछ नगर मे कुत्ते के काटने की स्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाने की अपील की

WhatsApp Channel Join Now

पूँछ, 11 अप्रैल (हि.स.)।

पुंछ नगर में कुत्तों के काटने के मामलों में बढ़ौतरी को देखते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. परवेज अहमद खान ने एक महत्वपूर्ण स्वास्थ्य परामर्श जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और कुत्ते के काटने की स्थिति में तुरंत आवश्यक कदम उठाने की अपील की है।

सीएमओ ने बताया कि काटे गए स्थान को तुरंत साबुन और बहते पानी से कम से कम 15 मिनट तक अच्छी तरह धोना चाहिए ताकि संक्रमण और रेबीज वायरस के खतरे को कम किया जा सके। उन्होंने लोगों को सलाह दी कि बिना किसी देरी के नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में जाकर उचित इलाज कराएं और समय पर एंटी-रेबीज टीकाकरण करवाएं। डॉ. खान ने घाव पर मिर्च पाऊडर, तेल या किसी भी पारंपरिक घरेलू नुस्खे का इस्तेमाल करने से सख्त मना किया है।

उन्होंने कहा कि ऐसे उपाय स्थिति को और बिगाड़ सकते हैं और सही इलाज में देरी का कारण बनते हैं। उन्होंने अभिभावकों से भी अपील की कि वे अपने बच्चों को जागरूक करें और उन्हें अनजान या आवारा कुत्तों के पास खेलने से रोकें। स्वास्थ्य विभाग ने आम जनता से सतर्क रहने और कुत्ते के काटने की किसी भी घटना की तुरंत सूचना देने की अपील की है ताकि समय पर इलाज सुनिश्चित किया जा सके। डॉ. खान ने कहा कि जिले भर के स्वास्थ्य केन्द्रों तथा अस्पतालों आदि में टीकाकरण आदि की पूरी व्यवस्था है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

Share this story