इल्तिजा मुफ्ती ने प्रदर्शनकारी पीजी डॉक्टरों के साथ एकजुटता व्यक्त की, सरकार से स्टाइपेंड बढ़ाने को कहा

WhatsApp Channel Join Now


श्रीनगर, 23 नवंबर(हि.स.)। पीडीपी नेता इल्तिजा मुफ्ती ने सोमवार को जम्मू-कश्मीर सरकार से अपील की कि वह श्रीनगर के गवर्नमेंट मेडिकल कॉलेज में प्रदर्शन कर रहे पोस्टग्रेजुएट डॉक्टरों का स्टाइपेंड (भत्ता) बढ़ाए।

इल्तिजा ने प्रदर्शनकारी डॉक्टरों से मुलाकात कर उनके प्रति समर्थन जताया। उन्होंने प्रशासन पर तानाशाही करने और हड़ताल कर रहे डॉक्टरों को उनकी पढ़ाई (एकेडमिक्स) में फेल करने की धमकी देने का आरोप लगाया।

उन्होंने पत्रकारों से कहा कि हम अभी जीएमसी श्रीनगर में हैं और आप खुद देख सकते हैं कि यहाँ सरकार और प्रशासन की तानाशाही चल रही है। जो पी जी डॉक्टर चार दिनों से शांतिपूर्ण तरीके से प्रदर्शन कर रहे हैं उन्हें आज सरकार की ओर से सीधे तौर पर धमकी दी जा रही है कि उन्हें उनकी परीक्षाओं में फेल कर दिया जाएगा। क्यों क्योंकि वे अपना स्टाइपेंड मांग रहे हैं। पीडीपी नेता ने बताया कि 2017 में छठा वेतन आयोग लागू होने के बाद से ही उन्हें मिलने वाला स्टाइपेंड अटका हुआ है। उन्होंने कहा कि अगर आप इसकी तुलना दूसरे राज्यों से करें तो वहां मिलने वाला सबसे ज्यादा स्टाइपेंड भी सिर्फ 70,000 रुपये है। वहीं उत्तर प्रदेश, गुजरात, बिहार और दिल्ली जैसे राज्यों की बात करें तो वहां पी जी डॉक्टरों को हर महीने कम से कम 1.5 लाख रुपये दिए जाते हैं।

इल्तिजा ने जोर देकर कहा कि पी जी डॉक्टर हमारे अस्पताल ढांचे की रीढ़ हैं। वे दिन-रात अस्पताल में मौजूद रहते हैं और उनकी ड्यूटी के घंटे भी बढ़ा दिए गए हैं। इसलिए मैं व्यक्तिगत रूप से हमारे माननीय मंत्रियों स्वास्थ्य मंत्री और मुख्यमंत्री से अपील करती हूँ कि उनके वजीफे (स्टाइपेंड) में बढ़ोतरी होनी चाहिए मैं सरकार से अपील करती हूँ कृपया धमकियां न दें जल्द से जल्द कोई कदम उठाएं। उन्होंने सवाल किया कि यह किस तरह का लोकतंत्र है जहाँ मीडिया को जीएमसी श्रीनगर में जाने की अनुमति नहीं है उन्होंने दावा किया कि इन बच्चों को यहाँ जानवरों की तरह कैद करके रखा गया है। उन्हें बाहर आकर मीडिया से बात करने तक की इजाजत नहीं दी जा रही है। सरकार उन्हें धमकी दे रही है कि उन्हें परीक्षाओं में फेल कर दिया जाएगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782121 Articles

Share this story