एसएमवीडीयू के छात्रों के लिए आईसीआईसीआई बैंक की शिक्षा ऋण योजना शुरू

WhatsApp Channel Join Now
एसएमवीडीयू के छात्रों के लिए आईसीआईसीआई बैंक की शिक्षा ऋण योजना शुरू


जम्मू, 22 जून (हि.स.)। श्री माता वैष्णो देवी विश्वविद्यालय (एसएमवीडीयू) के छात्रों के लिए आईसीआईसीआई बैंक ने एक विशेष शिक्षा ऋण योजना शुरू की है जिसका उद्देश्य उच्च शिक्षा को अधिक सुलभ और आर्थिक रूप से आसान बनाना है। यह योजना विश्वविद्यालय के विभिन्न संकायों और पाठ्यक्रमों के छात्रों के लिए उपलब्ध होगी तथा वर्तमान और नए दोनों विद्यार्थियों को लाभान्वित करेगी।

इस ऋण योजना के तहत ट्यूशन फीस, हॉस्टल शुल्क, परीक्षा एवं पुस्तकालय शुल्क, अध्ययन सामग्री, लैपटॉप, उपकरणों तथा अन्य शैक्षणिक आवश्यकताओं के लिए वित्तीय सहायता प्रदान की जाएगी। साथ ही लचीली पुनर्भुगतान व्यवस्था, फीस प्रतिपूर्ति सुविधा और सरल आवेदन प्रक्रिया भी उपलब्ध कराई गई है। योजना में परिवार आधारित सह-आवेदक या गारंटर की सुविधा तथा पूर्व भुगतान पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं रखा गया है।

विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. प्रगति कुमार ने इस पहल का स्वागत करते हुए कहा कि इससे आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों के छात्रों को उच्च शिक्षा प्राप्त करने में मदद मिलेगी। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय प्रवेश प्रकोष्ठ के माध्यम से विद्या लक्ष्मी पोर्टल और अधिक बैंकों को जोड़कर शिक्षा वित्त तक पहुंच बढ़ाने के लिए प्रयासरत है। इस अवसर पर आईसीआईसीआई बैंक के अधिकारी जयदीप, रोहित, राजेश और जोनल हेड संदीप शर्मा सहित विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार, वित्त अधिकारी और प्रवेश प्रकोष्ठ से प्रो. अमित कांत पंडित भी उपस्थित रहे। सभी ने इस सहयोगात्मक पहल की सराहना की।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story