न झुकेंगे न रुकेंगे... मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी लड़ाई, जीएमसी कठुआ में भूख हड़ताल शुरू

WhatsApp Channel Join Now
न झुकेंगे न रुकेंगे... मांगें पूरी होने तक जारी रहेगी लड़ाई, जीएमसी कठुआ में भूख हड़ताल शुरू


कठुआ, 26 नवंबर (हि.स.)। सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स लागू करने की मांग को लेकर जीएमसी कठुआ के स्वास्थ्य कर्मचारियों का आंदोलन अब निर्णायक मोड़ पर पहुंच गया है। गुरुवार को कर्मचारियों की हड़ताल को 11 दिन पूरे हो गए हैं और इसी के साथ कर्मचारियों ने अब भूख हड़ताल भी शुरू कर दी है।

कर्मचारियों ने भूख हड़ताल की शुरुआत के लिए खास तौर पर आज संविधान दिवस का दिन चुना। हड़ताल पर बैठे कर्मियों ने कहा कि भारत का संविधान हमें अपने हक के लिए आवाज उठाने और हड़ताल करने का पूरा अधिकार देता है। इसलिए संविधान में मिले इसी अधिकार के तहत आज से हमने भूख हड़ताल शुरू की है। कर्मचारियों ने कहा कि वे संविधान के दायरे में रहकर शांतिपूर्ण तरीके से अपनी लड़ाई लड़ रहे हैं और जब तक उनका हक नहीं मिलेगा तब तक यह लड़ाई जारी रहेगी। पांच नए सरकारी मेडिकल कॉलेजों के गैर-राजपत्रित कर्मचारी पिछले 11 दिनों से लगातार शांतिपूर्ण तरीके से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं लेकिन अभी तक सरकार और प्रशासन की ओर से कोई ठोस आश्वासन नहीं मिला है। इसी से नाराज होकर कर्मचारियों ने आंदोलन को और तेज करने का फैसला लिया है।

भूख हड़ताल के पहले दिन जीएमसी कठुआ में 2 पुरुष और 2 महिला स्वास्थ्य कर्मी भूख हड़ताल पर बैठे। हड़ताल स्थल पर बड़ी संख्या में कर्मचारी मौजूद रहे और उन्होंने हाथों में बैनर-पोस्टर लेकर अपनी मांगों के समर्थन में नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि वे पिछले कई सालों से अपने हक के लिए लड़ रहे हैं लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन मिलता है। अब वे सिर्फ आश्वासन से संतुष्ट नहीं होंगे। कर्मचारियों की सबसे बड़ी और मुख्य मांग सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स को जल्द से जल्द लागू करना है। कर्मचारियों का कहना है कि सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स लागू न होने की वजह से उनकी पदोन्नति, स्थायीकरण और अन्य सेवा लाभ वर्षों से अटके हुए हैं। धरना स्थल पर कर्मचारी नेताओं ने साफ कहा कि अब हम न रुकेंगे न थकेंगे और न ही पीछे हटेंगे। उन्होंने कहा कि यह लड़ाई अब आर-पार की है। जब तक सर्विस रिक्रूटमेंट रूल्स लागू नहीं हो जाते, तब तक यह संघर्ष इसी तरह जारी रहेगा। जरूरत पड़ी तो भूख हड़ताल में और कर्मचारी भी शामिल होंगे। कर्मचारियों ने प्रशासन और सरकार से मांग की है कि उनकी समस्याओं का जल्द समाधान किया जाए और एसआरआर को तुरंत लागू किया जाए ताकि उन्हें लंबे समय से लंबित अधिकार मिल सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

783798 Articles

Share this story