अमरनाथ यात्रा के पंजीकरण को लेकर बैंकों में भारी भीड़
जम्मू,, 15 अप्रैल (हि.स.)।
जम्मू-कश्मीर में पवित्र अमरनाथ यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह देखने को मिल रहा है। यात्रा के लिए पंजीकरण प्रक्रिया शुरू होते ही विभिन्न बैंकों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं और सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग रजिस्ट्रेशन कराने के लिए पहुंचने लगे।
श्रद्धालुओं का कहना है कि वे पूरे वर्ष इस पवित्र यात्रा का इंतजार करते हैं और बाबा बर्फानी के दर्शन को लेकर उनमें विशेष आस्था और उत्साह है। कई श्रद्धालु अपने परिवारों के साथ समय से पहले ही बैंक शाखाओं में पहुंचकर पंजीकरण करवा रहे हैं।
बैंक प्रशासन ने भी बढ़ती भीड़ को देखते हुए विशेष व्यवस्थाएं की हैं, ताकि पंजीकरण प्रक्रिया सुचारू रूप से चल सके और किसी प्रकार की अव्यवस्था न हो। कर्मचारियों को अतिरिक्त रूप से तैनात किया गया है ताकि श्रद्धालुओं को किसी परेशानी का सामना न करना पड़े।
प्रशासन ने संभावना जताई है कि आने वाले दिनों में भीड़ और बढ़ सकती है, जिसके मद्देनज़र लोगों से अपील की गई है कि वे धैर्य बनाए रखें और निर्धारित नियमों का पालन करते हुए पंजीकरण प्रक्रिया पूरी करें।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

