कठुआ में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 27 केंद्रों पर चरणबद्ध होगा संचालन

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में एचपीवी टीकाकरण अभियान का शुभारंभ, 27 केंद्रों पर चरणबद्ध होगा संचालन


कठुआ, 28 फरवरी (हि.स.)। जिले में किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के उद्देश्य से ह्यूमन पैपिलोमा वायरस (एचपीवी) टीकाकरण अभियान का शुभारंभ शनिवार को जीएमसी कठुआ में किया गया। यह अभियान जिला स्वास्थ्य विभाग कठुआ द्वारा स्कूल शिक्षा विभाग व अन्य संबंधित विभागों के समन्वय से चलाया जा रहा है।

अभियान का उद्घाटन विधायक कठुआ डाॅ भारत भूषण और डीसी कठुआ राजेश शर्मा ने किया। इस अवसर पर जनप्रतिनिधियों ने कहा कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में एक गंभीर स्वास्थ्य समस्या है और समय पर टीकाकरण इसके प्रभावी बचाव का सुरक्षित उपाय है।

उपायुक्त ने बताया कि टीकाकरण अभियान जिले के 27 निर्धारित केंद्रों पर चरणबद्ध तरीके से संचालित किया जाएगा। उन्होंने अधिकारियों को कोल्ड चेन प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन, व्यापक जागरूकता और विभागों के बीच समन्वय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विजय रैना ने बताया कि भारत सरकार के दिशा-निर्देशों के अनुसार पात्र आयु वर्ग की बालिकाओं को टीका लगाया जाएगा तथा कार्यक्रम के सुचारू संचालन हेतु सभी आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।

कार्यक्रम में जीएमसी कठुआ के प्राचार्य डॉ. सुरिंदर अत्री, मुख्य शिक्षा अधिकारी केवल कृष्ण सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story