उम्मीद है कि कांग्रेस जल्द ही उमर सरकार में शामिल होगी-उपमुख्यमंत्री

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 27 अगस्त (हि.स.)। जम्मू- कश्मीर के उपमुख्यमंत्री सुरिंदर कुमार चौधरी ने गुरुवार को कहा कि गठबंधन सहयोगी होने के नाते कांग्रेस को उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार में शामिल होने का पूरा अधिकार है और उन्होंने उम्मीद जताई कि कांग्रेस जल्द ही इस संबंध में निर्णय लेगी। उनकी यह टिप्पणी जम्मू और कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेतृत्व वाली सरकार में कांग्रेस के शामिल होने की अटकलों के बीच आई है।

चौधरी ने जम्मू में पत्रकारों से कहा कि कांग्रेस स्पष्ट मन और स्पष्ट इरादों के साथ गठबंधन में शामिल हुई थी और हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही सरकार में भी शामिल होगी।

चौधरी ने कहा कि जब से यह सरकार बनी और हमने गठबंधन किया तब से हमारी यही इच्छा थी कि कांग्रेस सरकार में शामिल हो। कांग्रेस के निर्णय लेने में असमर्थ होने के कारण कुछ देरी हुई लेकिन अब हमें उम्मीद है कि वह जल्द ही सरकार में शामिल हो जाएगी। हालांकि उन्होंने कहा कि अंतिम निर्णय कांग्रेस को ही लेना है।

उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के शामिल होने से सरकार मजबूत होगी और जनता के लिए अधिक प्रभावी ढंग से काम कर सकेगी। चौधरी ने कांग्रेस को सरकार में शामिल करने के लिए किसी भी तरह के प्रलोभन या सौदेबाजी से इनकार करते हुए कहा कि यह गठबंधन आपसी समझ और विश्वास पर आधारित है। उन्होंने कहा कि हम भाजपा के लोग नहीं हैं। हम प्रलोभनों में विश्वास नहीं करते। ये दिल के रिश्ते हैं और दिल से लिए गए फैसले लंबे समय तक टिकते हैं और जनता के हित में होते हैं।

उन्होंने कहा कि नेशनल कॉन्फ्रेंस ने कभी भी राजनीतिक दलों या नेताओं को अपने साथ लाने के लिए सौदेबाजी या प्रलोभन देने में विश्वास नहीं किया है।

उपमुख्यमंत्री ने आलोचकों को पिछले 12 वर्षों के बिजली शुल्क और बिलों की तुलना वर्तमान सरकार के प्रदर्शन से करने की चुनौती भी दी। चौधरी ने व्यावसायिक और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए राहत उपायों का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले 12 वर्षों के आंकड़े सामने लाएं और देखें कि भाजपा के कार्यकाल में बिजली शुल्क कितना बढ़ा, बिजली बिल कितने बढ़े और कितनी बार माफी दी गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story