मेधावी छात्रों का सम्मान-मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बसोहली में समारोह आयोजित
बसोहली, 21 मई (हि.स.)। राजकीय मॉडल हायर सेकेंडरी स्कूल बसोहली में शैक्षणिक सत्र 2025-26 के मेधावी छात्रों के सम्मान में एक विशेष समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बसोहली के विधायक दर्शन सिंह मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए जिनका स्कूल प्रशासन ने गर्मजोशी से स्वागत किया।
इस अवसर पर विधायक ने ‘बेटी अनमोल योजना’ के तहत छात्राओं को प्रमाण पत्र व स्मृति चिन्ह वितरित किए और विद्यालय के टॉपर्स की सराहना की। कक्षा 12 कला संकाय में प्रीतम कुमार ने 487 अंक लेकर नौवां स्थान प्राप्त किया जबकि माही कनौत्रा ने 485 अंक हासिल किए। विज्ञान संकाय में अंजलि ठाकुर ने 96 प्रतिशत (476 अंक) और श्लोक शर्मा ने कला संकाय में 93.4 प्रतिशत (467 अंक) प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन किया।
विधायक दर्शन सिंह ने छात्रों को उनकी उपलब्धियों पर बधाई देते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया। वहीं प्रधानाचार्य बृज भूषण शर्मा ने विद्यालय की विभिन्न समस्याओं और आधारभूत जरूरतों से विधायक को अवगत कराया जिस पर उन्होंने शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

