16 अगस्त से जम्मू से मचैल माता के लिए निकलेगी पवित्र छड़ी-अखंड ज्योति यात्रा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 12 अगस्त (हि.स.)।

सर्व शक्ति चंडी माता छड़ी एवं पवित्र ज्योत समिति द्वारा जम्मू से श्री मचैल माता श्राइन, किश्तवाड़ के लिए पवित्र छड़ी और अखंड ज्योति यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। समिति के अनुसार यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, धार्मिक नेताओं और सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों के शामिल होने की उम्मीद है।

श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए समिति ने यात्रा में शामिल होने वालों के लिए जम्मू से प्रमुख पड़ावों तक मुफ्त बस सेवा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। बसों के रूट, समय और पंजीकरण से जुड़ी जानकारी समिति की ओर से श्रद्धालुओं को पहले उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रेस नोट के अनुसार यात्रा कार्यक्रम के तहत समिति की टीम 14 अगस्त 2026 को जम्मू से हिमाचल प्रदेश स्थित श्री ज्वाला जी माता मंदिर के लिए रवाना होगी और 15 अगस्त को अखंड ज्योति के साथ जम्मू लौटेगी। इसके बाद अखंड ज्योति और पवित्र छड़ी को ऐतिहासिक बावे वाली माता मंदिर में दर्शन के लिए रखा जाएगा।

16 अगस्त को सुबह 8 बजे बावे वाली माता मंदिर में पूजा, धार्मिक अनुष्ठान, भजन-कीर्तन और अन्य कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके बाद पवित्र छड़ी और अखंड ज्योति यात्रा श्री मचैल माता श्राइन, किश्तवाड़ के लिए रवाना होगी।

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, यात्रा 17 अगस्त को किश्तवाड़ से अथोली मंदिर की ओर जाएगी और वहां ज्वाला माता मंदिर में दर्शन के बाद अथोली से गुलाबगढ़ होते हुए श्री मचैल माता श्राइन पहुंचेगी। मचैल से जम्मू वापसी यात्रा 20 अगस्त से शुरू होगी।

समिति ने जम्मू, उधमपुर, डोडा और किश्तवाड़ के जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन से यात्रा के सुचारु और शांतिपूर्ण संचालन के लिए आवश्यक सहयोग की अपील की है। साथ ही सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा एवं प्राथमिक उपचार, एंबुलेंस, पेयजल, स्वच्छता और बिजली जैसी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने का आग्रह किया गया है।

समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में यात्रा में शामिल होने और उपलब्ध मुफ्त बस सेवा का लाभ उठाने की अपील की है। प्रेस वार्ता में ज्योति पंचनंदा, राज कुमार उर्फ बिट्टू, दिनेश महाजन, यश गुप्ता और राजेश गुप्ता सहित समिति के पदाधिकारी एवं प्रतिनिधि मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story