श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के प्रांगण में धूमधाम से मनाया गया होली पर्व
कठुआ, 04 मार्च (हि.स.)। होली के पावन अवसर पर श्री ब्राह्मण सभा कठुआ के प्रांगण में रंगों का त्योहार बड़े हर्षोल्लास और भाईचारे के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सभा के सदस्यों ने सबसे पहले भगवान परशुराम जी के समक्ष विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर समस्त समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
पूजा के उपरांत उपस्थित सदस्यों ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर होली की शुभकामनाएं दीं और आपसी प्रेम व सौहार्द का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान सुरेंद्र मेहता, रॉबिन शर्मा, अनिल भारद्वाज, मनुज केसर, सचिन खजुरिया, मोहन शर्मा, सुनील शर्मा सहित अन्य सदस्यों ने श्री ब्राह्मण सभा कठुआ की ओर से देशवासियों, जम्मू-कश्मीर विशेषकर कठुआ व ब्राह्मण समाज के सभी लोगों को होली पर्व की हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं। सभा के पदाधिकारियों ने अपने संदेश में कहा कि होली का यह पावन पर्व सभी के जीवन में रंग-बिरंगी खुशियां लेकर आए और समाज में आपसी भाईचारा, प्रेम और सद्भाव सदा बना रहे। उन्होंने सभी से अपील की कि हर पर्व को मिल-जुलकर और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाए। इस अवसर पर यह भी बताया गया कि पूर्व में सभा द्वारा मुख्य रूप से भगवान श्री परशुराम जयंती सहित दो से चार प्रमुख कार्यक्रम ही आयोजित किए जाते थे, लेकिन नए अध्यक्ष के नेतृत्व में अब हर पर्व को ब्राह्मण सभा प्रांगण में सामूहिक रूप से मनाया जा रहा है, जिससे समाज में एकजुटता और सहभागिता बढ़ रही है। कार्यक्रम के अंत में सभी सदस्यों ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर मुंह मीठा करवाया और होली की शुभकामनाओं के साथ कार्यक्रम का समापन किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

