धार्मिक एकता से ही शांति की स्थापना होगी: स्वामी राजेश्वरानंद

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 28 नवंबर (हि.स.)।

आगामी महाशिवरात्रि (06 मार्च 2027) के पावन अवसर पर जम्मू से श्रीनगर स्थित ऐतिहासिक शंकराचार्य मंदिर के लिए प्रथम भव्य 'छड़ी यात्रा' का शुभारंभ किया जाएगा। श्री राजमाता झंडेवाला मंदिर समूह के परमाध्यक्ष स्वामी राजेश्वरानंद राजगुरु जी महाराज के सानिध्य और शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के प्रदेश प्रमुख मनीष साहनी के नेतृत्व में श्रद्धालुओं का काफिला जम्मू से कश्मीर के लिए रवाना होगा।

कटरा स्थित श्री राजमाता जी आश्रम शनि मंदिर में आयोजित चार दिवसीय सत्संग अनुष्ठान के तीसरे दिन पूजा-अर्चना के उपरांत दोनों नेताओं ने इस यात्रा की औपचारिक घोषणा की। प्रबुद्ध नागरिकों की गोष्ठी को संबोधित करते हुए स्वामी राजेश्वरानंद जी ने कहा कि धार्मिक एकता से ही शांति की स्थापना संभव है। उन्होंने सभी संप्रदायों और समुदायों को इस यात्रा में शामिल होने का निमंत्रण देते हुए कहा कि यह पहल घाटी में सर्वधर्म समभाव, राष्ट्रीय एकता और आपसी भाईचारे की मिसाल बनेगी।

संयुक्त संबोधन में बताया गया कि शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के दिशा-निर्देशों पर शुरू हो रही यह यात्रा शिवसेना की 43 वर्षों से जारी माता वैष्णो देवी छड़ी यात्रा की गौरवशाली परंपरा का विस्तार है। 2027 से प्रतिवर्ष आयोजित होने वाली यह यात्रा देश-दुनिया को संदेश देगी कि जम्मू-कश्मीर अब अमन बहाली, पर्यटन और सौहार्द की ओर अग्रसर है। आयोजकों ने उपराज्यपाल प्रशासन से यात्रा के सुचारू संचालन हेतु आवश्यक अनुमति प्रदान करने की अपील की है साथ ही शिवभक्तों और प्रदेशवासियों से इस महाअभियान को सफल बनाने का आह्वान किया है। इस मौक़े पर संजय भट्ट, राजू कपूर, आदित्य महाजन उपस्थित रहे।

-

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

784740 Articles

Share this story