बिजली दरों में बढ़ोतरी को लेकर हिंदू वाहिनी ने नेकां सरकार को घेरा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 24 अगस्त (हि.स.)। हिंदू वाहिनी की महासचिव सपना हिंदू ने बिजली दरों में कथित 6.83 प्रतिशत बढ़ोतरी को लेकर नेशनल कॉन्फ्रेंस नेतृत्व वाली सरकार पर निशाना साधा है। उन्होंने इसे जम्मू-कश्मीर की जनता के साथ विश्वासघात करार देते हुए सरकार से चुनावी वादों को पूरा करने पर जवाब मांगा। सपना हिंदू ने कहा कि 2024 के विधानसभा चुनावों से पहले नेशनल कॉन्फ्रेंस ने प्रत्येक परिवार को 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया था लेकिन सरकार बनने के करीब दो वर्ष बाद भी यह वादा पूरा नहीं हुआ है। इसके विपरीत अब बिजली दरों में बढ़ोतरी की बात सामने आ रही है जिससे आम उपभोक्ताओं पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ेगा।

उन्होंने कहा कि कथित 6.83 प्रतिशत टैरिफ बढ़ोतरी 1 सितंबर से लागू होने की संभावना है। ऐसे समय में जब लोग महंगाई और बढ़ते घरेलू खर्च से जूझ रहे हैं बिजली की दरों में वृद्धि परिवारों की मुश्किलें और बढ़ा सकती है। सपना हिंदू ने कहा कि चुनाव से पहले 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने का वादा किया गया था जबकि अब लोगों को बढ़े हुए बिजली बिलों का सामना करना पड़ सकता है। उन्होंने मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व वाली सरकार से पूछा कि 200 यूनिट मुफ्त बिजली देने के वादे का क्या हुआ और इसे अब तक लागू क्यों नहीं किया गया।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर की जनता को नारों के बजाय अपने सवालों के जवाब चाहिए। हिंदू वाहिनी महासचिव ने कहा कि संगठन लोगों से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाता रहेगा और 2024 के विधानसभा चुनावों के दौरान किए गए वादों को लेकर सरकार को जवाबदेह ठहराएगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story