कठुआ पुलिस का हाईटेक एक्शन-जमानत पर छूटे आरोपियों के पैरों में जीपीएस एंकलेट, हर कदम पर रहेगी नजर

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ पुलिस का हाईटेक एक्शन-जमानत पर छूटे आरोपियों के पैरों में जीपीएस एंकलेट, हर कदम पर रहेगी नजर


कठुआ, 18 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर पुलिस कठुआ ने जमानत पर रिहा आरोपियों की निगरानी के लिए आधुनिक तकनीक का इस्तेमाल शुरू करते हुए तीन आरोपियों को जीपीएस ट्रैकिंग एंकलेट्स पहनाए हैं। यह कार्रवाई जिला पुलिस प्रमुख एसएसपी मोहिता शर्मा की निगरानी में की गई।

पुलिस के अनुसार, यह कदम माननीय प्रिंसिपल डिस्ट्रिक्ट एंड सेशंस जज कठुआ के आदेश के अनुपालन में उठाया गया है। संबंधित आरोपी एफआईआर नंबर 18/2024, धारा 61(1)113/147/150 बीएनएस, थाना मल्हार के तहत गिरफ्तार किए गए थे और उन्हें अंतरिम जमानत मिली थी। जिन आरोपियों को जीपीएस ट्रैकिंग एंकलेट्स लगाए गए हैं, उनमें मोल राज निवासी मल्हार, लायकत अली निवासी गांव धनू परोले (तहसील बिलावर) और मकबूल निवासी सोफैन अंबनाल (जिला कठुआ) शामिल हैं। एसएसपी कठुआ ने बताया कि जीपीएस ट्रैकिंग एंकलेट एक इलेक्ट्रॉनिक उपकरण होता है, जिसे टखने पर लगाया जाता है और इसके जरिए आरोपी की लोकेशन रियल-टाइम में ट्रैक की जा सकती है। इससे जमानत की शर्तों का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया जाएगा। एसएसपी का कहना है कि इस पहल से आरोपियों की गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा सकेगी और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी। यह कदम जिले में अपराध नियंत्रण के लिए एक महत्वपूर्ण तकनीकी पहल माना जा रहा है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story