उधमपुर, सांबा, जम्मू और कठुआ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तलाशी के दौरान हेरोइन बरामद, छह ड्रग तस्कर गिरफ्तार
जम्मू, 19 अगस्त (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के उधमपुर, सांबा, जम्मू और कठुआ जिलों में अलग-अलग स्थानों पर तलाशी के दौरान हेरोइन बरामद होने के बाद छह ड्रग तस्करों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि उधमपुर के फलाटा गांव में पुलिस दल ने एक मोटरसाइकिल को रोका और उसके दो सवारों की तलाशी ली जिसके परिणामस्वरूप उनके पास से 5.22 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। उन्होंने बताया कि दोनों ड्रग तस्करों - आकाश कुमार और अजय सिंह को आगे की जांच के लिए गिरफ्तार कर लिया गया है।
प्रवक्ता ने बताया कि सांबा जिले के विजयपुर में तलाशी के दौरान 8.69 ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद दो अन्य ड्रग तस्करों सैयद बहरान आफताब और इश्तियाक अहमद को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस ने जम्मू के मीरान साहिब इलाके में गश्त के दौरान पारस नायर को भी गिरफ्तार किया और उसके पास से सात ग्राम हेरोइन बरामद की। प्रवक्ता ने बताया कि कठुआ जिले के बेरियन पट्टन स्थित लिंक रोड पर जाँच के दौरान बरकत अली के पास से चार ग्राम हेरोइन बरामद होने के बाद उसे गिरफ्तार किया गया।
उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए सभी आरोपियों के खिलाफ नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम के तहत अलग-अलग मामले दर्ज किए गए हैं और मामलों की आगे की जांच जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

