9 से 11 अगस्त के बीच केंद्र शासित प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की संभावना

WhatsApp Channel Join Now

श्रीनगर, 07 अगस्त (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने आने वाले दिनों में जम्मू और कश्मीर में रुक-रुक कर बारिश होने का पूर्वानुमान लगाया है जिसमें 9 से 11 अगस्त के बीच केंद्र शासित प्रदेश के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है।

मौसम विभाग के अनुसार 7 और 8 अगस्त को कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है जबकि कुछ स्थानों पर संक्षिप्त तीव्र बारिश हो सकती है। 9 से 11 अगस्त तक जम्मू और कश्मीर के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि जम्मू डिवीजन के कुछ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश हो सकती है जबकि कश्मीर डिवीजन के कुछ जिलों में संक्षिप्त लेकिन तीव्र भारी बारिश हो सकती है।

12 से 17 अगस्त तक मौसम अस्थिर रहने की संभावना है जिसमें कई स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें और कुछ स्थानों पर संक्षिप्त तीव्र बारिश हो सकती है।

विभाग ने चेतावनी दी है कि मूसलाधार बारिश से अचानक बाढ़, संवेदनशील क्षेत्रों में भूस्खलन और निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है। निवासियों, पर्यटकों और यात्रियों को सतर्क रहने, तीव्र बारिश के दौरान भूस्खलन संभावित क्षेत्रों में अनावश्यक यात्रा से बचने और आधिकारिक मौसम संबंधी अपडेट और सलाह का पालन करने की सलाह दी गई है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Share this story