जम्मू में सुबह से मूसलाधार बारिश, कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू, 11 अक्टूबर (हि.स.)।

जम्मू में सुबह से हो रही मूसलाधार बारिश ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। लगातार तेज बारिश के चलते शहर के कई इलाकों में बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं। सड़कों और गलियों में पानी का तेज बहाव देखने को मिल रहा है जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

जम्मू के रूप नगर इलाके में स्थिति और भी चिंताजनक हो गई है। यहां बारिश का पानी कई लोगों के घरों में घुस गया, जिससे स्थानीय निवासियों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। गलियों में इतना पानी जमा हो गया कि वे नदियों जैसी नजर आने लगीं।

स्थानीय लोगों के लिए घरों से बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा है। लगातार बारिश और जलभराव के कारण लोगों में चिंता का माहौल है। खासकर निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

बारिश के बाद शहर की जलनिकासी व्यवस्था पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्मार्ट सिटी के तहत विकास कार्यों के बावजूद जलभराव की समस्या सामने आने से प्रशासन की तैयारियों पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story