जम्मू-कश्मीर के कुछ हिस्सों में भारी बारिश और आंधी-तूफान, रामबन प्रशासन ने सुरक्षा अलर्ट किया जारी

WhatsApp Channel Join Now


रामबन, 23 अगस्त(हि.स.)। रविवार को जम्मू-कश्मीर के कई हिस्सों में तूफ़ान और बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश हुई जिसके बाद ज़िला प्रशासन ने सुरक्षा एडवाइज़री जारी की।

रामबन ज़िले के अलग-अलग हिस्सों में ज़ोरदार बारिश और बिजली गिरने की सूचना मिली। एहतियाती कदम उठाते हुए रामबन ज़िला प्रशासन ने अलर्ट जारी किया और निवासियों खासकर ऊंचे इलाकों और नदियों, नालों व अन्य जल निकायों के पास रहने वालों को सलाह दी कि वे सावधान रहें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचें।

आईएमडी के पांच दिनों के अनुमान के मुताबिक आने वाले दिनों में बारिश धीरे-धीरे कम हो जाएगी और रामबन उधमपुर, डोडा, किश्तवाड़ और अनंतनाग जैसे दक्षिणी और पूर्वी जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की-फुल्की बारिश होगी। हालांकि मौसम विभाग ने कुछ जगहों पर आंधी-तूफान, बिजली गिरने और 60 किमी/घंटा तक की तेज़ हवाएं चलने की चेतावनी दी है।साथ ही अगले पांच दिनों तक पहाड़ी इलाकों में अचानक बाढ़ भूस्खलन और मडस्लाइड का खतरा भी बना रहेगा।

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार व्यापक बारिश और बादल छाए रहने के कारण जम्मू और कश्मीर दोनों डिवीजनों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है और साथ ही नमी का स्तर भी बहुत अधिक रहा है।

श्रीनगर शहर में तापमान 16.2 डिग्री सेल्सियस और बारिश 100 प्रतिशत दर्ज की गई जबकि जम्मू शहर में तापमान 22.4 डिग्री सेल्सियस और बारिश 98 प्रतिशत दर्ज की गई।

अन्य प्रमुख स्थानों में पर्यटक स्थल गुलमर्ग में इस क्षेत्र का सबसे कम तापमान 10.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जबकि पहलगाम में तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस और बारिश 96 प्रतिशत दर्ज की गई।

जम्मू डिवीज़न में कटरा में तापमान 20.8 डिग्री सेल्सियस और 95 प्रतिशत बारिश दर्ज की गई, बनिहाल में तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस और 93 प्रतिशत बारिश हुई और कुपवाड़ा में बादल छाए रहने के बीच तापमान 17 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

Share this story