राजौरी में बाढ़ से भारी नुकसान, मंत्रियों ने लिया जायजा, प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बहाली कार्य तेज करने के निर्देश

WhatsApp Channel Join Now
राजौरी में बाढ़ से भारी नुकसान, मंत्रियों ने लिया जायजा, प्रभावित क्षेत्रों में राहत व बहाली कार्य तेज करने के निर्देश


राजौरी, 22 जुलाई (हि.स.)। हालिया फ्लैश फ्लड से प्रभावित क्षेत्रों का जायजा लेने के लिए जल शक्ति, वन पर्यावरण एवं जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा तथा युवा सेवा एवं खेल परिवहन समेत विभिन्न विभागों के मंत्री सतीश शर्मा ने बुधवार को राजौरी जिले का दौरा किया।

मंत्रियों ने बेला कॉलोनी दरहाल सहित प्रभावित इलाकों में पहुंचकर लोगों से बातचीत की और मकानों, सड़कों, पेयजल व बिजली आपूर्ति समेत सार्वजनिक ढांचे को हुए नुकसान का आकलन किया। लगातार बारिश के कारण दरहाल, खंडली, सुकतोह और जमोला नालों में उफान से निचले क्षेत्रों में पानी भर गया जबकि दरहाल नदी ने बेला कॉलोनी के पास बाढ़ सुरक्षा दीवार तोड़ दी जिससे नए बस स्टैंड में भारी नुकसान हुआ। जावेद राणा ने कहा कि बाढ़ से सड़कों, पेयजल व बिजली व्यवस्था को व्यापक क्षति पहुंची है और कई ग्रामीण क्षेत्रों का संपर्क टूट गया है। उन्होंने अधिकारियों को युद्ध स्तर पर बहाली कार्य तेज करने, पेयजल व बिजली आपूर्ति शीघ्र बहाल करने और क्षति का समयबद्ध आकलन कर प्रभावित परिवारों को राहत व मुआवजा देने के निर्देश दिए। सतीश शर्मा ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता प्रभावित परिवारों को त्वरित राहत और जरूरी सेवाओं की बहाली सुनिश्चित करना है। मंत्रियों ने लोगों से मौसम संबंधी एडवाइजरी का पालन करने और बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील भी की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story