मास्टर सोहन लाल की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, समाज सेवा को किया याद

WhatsApp Channel Join Now
मास्टर सोहन लाल की पुण्यतिथि पर भावभीनी श्रद्धांजलि, समाज सेवा को किया याद


जम्मू, 18 मार्च (हि.स.)। जम्मू में समाज सुधारक और समाज सेवक मास्टर सोहन लाल जी की 20वीं पुण्यतिथि की पूर्व संध्या पर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। यह कार्यक्रम मास्टर सोहन लाल सामाजिक सुधार और धर्मार्थ ट्रस्ट तथा बावा कैलख देव प्रबंधक कमेटी द्वारा बावा कैलख देव मंदिर परिसर में आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने मास्टर सोहन लाल जी के समाज और मंदिर परिसर के लिए दिए गए अमूल्य योगदान को याद करते हुए उनकी सेवाओं की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि उनके आदर्श और समाज के प्रति समर्पण आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यक्रम के दौरान श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ-साथ प्रसाद वितरण की भी व्यवस्था की गई, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस मौके पर ट्रस्टी शक्ति दत्त शर्मा, रवीश मेंगी, सरपंच राज देव सिंह, सुनील राका, प्रभाकर शास्त्री, साहिल सेठ, अरुणांशु सेठ, रजत सूदन, पंडित केवल कृष्ण सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सभी ने मास्टर सोहन लाल जी के दिखाए मार्ग पर चलने और समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story