राजौरी में पोलियो फ्री पाकिस्तान पोस्टर को लेकर स्वास्थ्य विभाग में विवाद

WhatsApp Channel Join Now

राजौरी, 30 जून (हि.स.)।राजौरी जिले में पल्स पोलियो अभियान से जुड़े एक कथित अनधिकृत जागरूकता पोस्टर को लेकर स्वास्थ्य विभाग में विवाद खड़ा हो गया है।

पोस्टर पर ‘पोलियो फ्री पाकिस्तान’ का नारा और नेशनल इमरजेंसी ऑपरेशन सेंटर का लोगो प्रकाशित होने के बाद मुख्य चिकित्सा अधिकारी राजौरी ने मामले को गंभीर मानते हुए ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर कंडी से विस्तृत स्पष्टीकरण और तथ्यात्मक रिपोर्ट मांगी है।

सी.एम.ओ. कार्यालय की ओर से जारी पत्र के अनुसार इंटेंसिफाइड पल्स पोलियो इम्यूनाइजेशन (आई.पी.पी.आई.)-2026 से संबंधित यह आई.ई.सी. पोस्टर सोशल मीडिया और विभिन्न व्हाट्सएप ग्रुपों में व्यापक रूप से प्रसारित किया गया। पोस्टर पर बी.एम.ओ. कंडी का नाम और पदनाम अंकित होने से यह संदेश गया कि इसे स्वास्थ्य विभाग की आधिकारिक स्वीकृति प्राप्त है।

हालांकि विभागीय जांच में पाया गया कि पोस्टर पर ‘पोलियो फ्री पाकिस्तान’ का नारा और एन.ई.ओ.सी. का लोगो इस्तेमाल किया गया है जिनका जम्मू-कश्मीर स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग अथवा भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के किसी भी अधिकृत कार्यक्रम से कोई संबंध नहीं है।

विभाग का कहना है कि इस प्रकार की सामग्री न केवल अनधिकृत और भ्रामक है बल्कि इससे सरकारी स्वास्थ्य अभियानों के प्रति आम लोगों में भ्रम की स्थिति भी उत्पन्न हो सकती है।

सी.एम.ओ. डॉ. एम.एल. राणा ने बी.एम.ओ. कंडी को निर्देश दिया है कि वे स्पष्ट करें कि पोस्टर किसके द्वारा तैयार, स्वीकृत, मुद्रित और प्रसारित किया गया? क्या इसके लिए सक्षम प्राधिकारी की पूर्व अनुमति ली गई थी? पोस्टर में प्रयुक्त लोगो और ‘पोलियो फ्री पाकिस्तान’ जैसे नारे को किसके निर्देश पर शामिल किया गया तथा कम्युनिटी हैल्थ ऑफिसर द्वारा इसके प्रसार की अनुमति किसने दी।

सी.एम.ओ. ने चेतावनी दी है कि यदि निर्धारित समय के भीतर संतोषजनक स्पष्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया गया तो उपलब्ध अभिलेखों के आधार पर मामले की जांच कर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार विभागीय कार्रवाई की जाएगी।

हिन्दुस्थान समाचार / बलवान सिंह

Share this story