सेवा पर्व के पहले दिन कठुआ में स्वास्थ्य स्वच्छता और शिक्षा से जुड़ी गतिविधियां
कठुआ, 28 सितंबर (हि.स.)। सेवा पर्व-2026 के तहत 28 सितंबर से 2 अक्टूबर तक चल रहे सप्ताहव्यापी कार्यक्रमों के पहले दिन जिले के विभिन्न हिस्सों में जनसेवा से जुड़ी गतिविधियां आयोजित की गईं। स्वास्थ्य विभाग की ओर से बसोहली और बनी में निरूशुल्क चिकित्सा शिविर लगाकर लोगों की स्वास्थ्य जांच, चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यक दवाएं उपलब्ध करवाई गईं।
उपायुक्त राजेश शर्मा के निर्देश पर लखनपुर स्थित आरटीओ कार्यालय में भी निरूशुल्क चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया जिसमें 80 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। आवश्यक जांच के साथ लाभार्थियों को उनकी जरूरत के अनुसार दवाएं और चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। वहीं जेकेपीसीसी कठुआ ने संजी मोड़ के बाजार क्षेत्रों में प्रतिबंधित पॉलीथिन और सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान करीब 9 किलो 120 माइक्रोन से कम मोटाई वाली प्रतिबंधित पॉलीथिन और 500 ग्राम सिंगल यूज प्लास्टिक जब्त किया गया।
हीरानगर के जोनल शिक्षा कार्यालय में पुस्तक दान शिविर भी आयोजित किया गया जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों ने पुस्तकें दान कर विद्यार्थियों व समुदाय के लिए शैक्षणिक संसाधनों की उपलब्धता बढ़ाने में योगदान दिया। जिला प्रशासन ने लोगों, विशेषकर युवाओं से सेवा पर्व की गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने की अपील की।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

