स्वास्थ्य शिविर, विद्यार्थियों और अभिभावकों की हुई जांच, आंखों, दांतों और सामान्य स्वास्थ्य की जांच के साथ जरूरतमंदों को दवाइयां वितरित

WhatsApp Channel Join Now
स्वास्थ्य शिविर, विद्यार्थियों और अभिभावकों की हुई जांच, आंखों, दांतों और सामान्य स्वास्थ्य की जांच के साथ जरूरतमंदों को दवाइयां वितरित


जम्मू, 14 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस की भावना को सामुदायिक सेवा से जोड़ते हुए सिबा इवेंट मैनेजमेंट एंड इनोवेशन को-ऑपरेटिव लिमिटेड ने सोसाइटी फॉर शेड्यूल्ड एन्ड बैकवर्ड्स (एसएफएसएबी) और डीबीएन विद्या मंदिर, जम्मू के सहयोग से मुबारक मंडी स्थित डीबीएन स्कूल में ‘एक पहल’ नाम से मल्टीस्पेशियलिटी स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित किया। शिविर में विद्यार्थियों, अभिभावकों और स्कूल स्टाफ की निशुल्क स्वास्थ्य जांच की गई तथा जरूरतमंदों को दवाइयां और अन्य आवश्यक स्वास्थ्य सामग्री उपलब्ध कराई गई।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक राजेश गुप्ता की पत्नी अनु गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहीं। स्कूल की प्रधानाचार्य प्रिया सिंह और प्रबंधन ने उनका स्वागत किया। शिविर के दौरान दंत विशेषज्ञों ने मौखिक स्वास्थ्य की जांच की जबकि सचदेवा नेत्रालय की टीम ने आंखों की जांच और दृष्टि परीक्षण किया। इसके अलावा चिकित्सकों की टीम ने सामान्य स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया तथा रक्तचाप और रैंडम ब्लड शुगर की जांच भी की गई। शिविर में बालों से संबंधित समस्याओं के लिए भी विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराया गया। जरूरतमंद प्रतिभागियों को चिकित्सकीय परामर्श के अनुसार निशुल्क दवाइयां, सप्लीमेंट और मेडिकेटेड आई ड्रॉप्स वितरित किए गए।

अनु गुप्ता और प्रधानाचार्य प्रिया सिंह ने शिविर के आयोजन के लिए संबंधित संस्थाओं की सराहना की और कहा कि इस तरह के स्वास्थ्य शिविर समुदाय में निवारक स्वास्थ्य देखभाल के प्रति जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। शिविर के आयोजन में सचदेवा नेत्रालय, डॉ. नाज एस्थेटिका, हेयर हेवन, डेंटमोर और सुकून सहित विभिन्न संस्थाओं का सहयोग रहा जबकि लॉजिस्टिक सहयोग डीएसके कैटरर्स की ओर से दिया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story