एचडीएफसी बैंक ने जम्मू कश्मीर के शोपियां धोखाधड़ी मामले में 13 जमाकर्ताओं को 4.5 करोड़ रुपये वापस किए
श्रीनगर, 15 सितंबर(हि.स.)। एचडीएफसी बैंक ने शोपियां ज़िले में अपनी शाखा में हुए एक वित्तीय घोटाले से प्रभावित 13 जमाकर्ताओं को लगभग 4.50 करोड़ रुपये वापस कर दिए हैं। इस घोटाले का पता जम्मू-कश्मीर क्राइम ब्रांच की इकोनॉमिक ऑफेंस विंग ने लगाया था।
ईओडब्ल्यू ने एक बयान में कहा कि शोपियां एचडीएफसी बैंक में हुई गड़बड़ियों के मामले में ईओडब्ल्यू कश्मीर की तेज़ और समयबद्ध जांच और तुरंत कार्रवाई के बाद ये पैसे वापस किए गए।
ईओडब्ल्यू ने बताया कि यह मामला बैंक की शोपियां शाखा में वित्तीय गड़बड़ियों की शिकायत के बाद भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत दर्ज प्राथमिकी से जुड़ा है।
बाद में विस्तृत जांच के लिए पुलिस मुख्यालय जम्मू कश्मीर के निर्देश पर यह मामला जम्मू कश्मीर क्राइम ब्रांच को सौंप दिया गया। जांच के दौरान एचडीएफसी कश्मीर ने पांच मुख्य आरोपियों की पहचान की जिनमें शोपियां और पुलवामा में तैनात एचडीएफसी बैंक के पूर्व शाखा प्रबंधक और कर्मचारी शामिल थे। बयान में कहा गया है कि इन पांचों को 18 फरवरी 2026 को गिरफ्तार किया गया था। इसके बाद ईओडब्ल्यू ने मई 2026 में शोपियां के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में 11 आरोपियों के खिलाफ चार्जशीट दाखिल की।
बयान में कहा गया है कि सक्षम अदालत के समक्ष आपराधिक कार्यवाही जारी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / राधा पंडिता

