जम्मू में 2 अप्रैल को श्रद्धा से मनाया जाएगा हनुमान जन्मोत्सव

WhatsApp Channel Join Now
जम्मू में 2 अप्रैल को श्रद्धा से मनाया जाएगा हनुमान जन्मोत्सव


जम्मू, 01 अप्रैल (हि.स.)। जम्मू शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में 2 अप्रैल को हनुमान जन्मोत्सव श्रद्धा और भक्ति के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना, भजन-कीर्तन और सुंदरकांड पाठ का आयोजन किया जाएगा। श्री कैलख ज्योतिष एवं वैदिक संस्थान ट्रस्ट के प्रधान ज्योतिषाचार्य महंत रोहित शास्त्री ने जानकारी देते हुए बताया कि चैत्र पूर्णिमा तिथि 1 अप्रैल सुबह 7 बजकर 7 मिनट से शुरू होकर 2 अप्रैल सुबह 7 बजकर 42 मिनट तक रहेगी। सूर्योदय व्यापिनी तिथि 2 अप्रैल को होने के कारण इसी दिन हनुमान जन्मोत्सव मनाया जाएगा।

उन्होंने बताया कि भगवान हनुमान को भगवान शिव का ग्यारहवां रुद्र अवतार माना जाता है और उन्हें अष्ट सिद्धियों का वरदान प्राप्त है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार जहां भी रामचरितमानस का पाठ होता है, वहां हनुमान जी की उपस्थिति मानी जाती है। जम्मू के विभिन्न मंदिरों में इस दिन विशेष रूप से हनुमान चालीसा, सुंदरकांड और रामचरितमानस का पाठ किया जाएगा। श्रद्धालु व्रत रखकर पूजा करेंगे और हनुमान जी को सिंदूर, चमेली का तेल और बूंदी के लड्डू का भोग अर्पित करेंगे।

महंत रोहित शास्त्री ने बताया कि इस दिन दान-पुण्य का विशेष महत्व है और श्रद्धालु अपनी क्षमता के अनुसार जरूरतमंदों की सहायता करें। उन्होंने यह भी कहा कि हनुमान चालीसा का पाठ करने से मानसिक शांति, स्मरण शक्ति और जीवन में सफलता प्राप्त होती है। हनुमान जन्मोत्सव को लेकर जम्मू में धार्मिक उत्साह चरम पर है और मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ उमड़ने की संभावना है।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story