गुलमर्ग और कुछ अन्य पहाड़ी इलाकों में हुआ ताजा हिमपात, घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश
श्रीनगर, 08 अप्रैल (हि.स.)। कश्मीर के लोकप्रिय पर्यटन स्थल गुलमर्ग और कुछ अन्य पहाड़ी इलाकों में बुधवार को ताजा हिमपात हुआ है, जबकि घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग ने 10 अप्रैल तक मौसम में अनियमितता जारी रहने का अनुमान जताया है।
उत्तरी कश्मीर के लोकप्रिय स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग, कुपवाडा और बांदीपोरा सहित घाटी के पहाड़ी इलाकों में आज ताजा हिमपात हुआ। श्रीनगर और घाटी के मैदानी इलाकों में बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार बुधवार शाम तक पहाड़ी इलाकों में रुक-रुक कर हल्की से मध्यम बारिश और बर्फबारी जारी रहेगी, साथ ही कुछ स्थानों पर गरज, ओलावृष्टि और तेज हवाएं चलेंगी।
कश्मीर के कुछ स्थानों पर मध्यम से भारी बारिश हो सकती है, जबकि पहाड़ी इलाकों के कुछ क्षेत्रों में गुरुवार सुबह तक मध्यम बर्फबारी हो सकती है। गुरुवार और शुक्रवार को छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश/गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग ने बताया कि 11 से 16 अप्रैल तक मौसम आमतौर पर शुष्क रहेगा, लेकिन दोपहर और शाम के समय कुछ स्थानों पर हल्की बारिश की संभावना है। मौसम विभाग ने आगे कहा कि कुछ समय के लिए भारी बारिश से कुछ संवेदनशील स्थानों पर अचानक बाढ़/भूस्खलन और कुछ निचले इलाकों में जलभराव हो सकता है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

