पहली कठुआ साइक्लोथॉन में उमड़ा उत्साह, साइकिलिस्टों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश

WhatsApp Channel Join Now
पहली कठुआ साइक्लोथॉन में उमड़ा उत्साह, साइकिलिस्टों ने दिया नशामुक्त समाज का संदेश


कठुआ, 22 नवंबर (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ की ओर से नशा मुक्त अभियान के तहत रविवार को पहली बार आयोजित कठुआ साइक्लोथॉन-2026 में भारी उत्साह देखने को मिला। इस आयोजन में 860 प्रतिभागियों ने पंजीकरण करवाया और देश के विभिन्न हिस्सों सहित जम्मू-कश्मीर के अलग-अलग क्षेत्रों से साइकिलिस्टों ने हिस्सा लेकर फिटनेस, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज का संदेश दिया।

बाइसिकल फॉर चेंज और बरवाल एथलेटिक्स क्लब के सहयोग से स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में आयोजित इस साइक्लोथॉन में बच्चों से लेकर युवाओं, मध्यम आयु वर्ग के लोगों और वरिष्ठ नागरिकों तक ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। आयोजन के दौरान जुंबा सत्र, प्रेरणादायक संगीत और प्रतिभागियों के उत्साहवर्धन ने माहौल को और भी जोशपूर्ण बना दिया। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा और एसएसपी कठुआ मोहिता शर्मा ने भी साइक्लोथॉन में भाग लेकर प्रतिभागियों के साथ साइकिल चलाई। उपायुक्त ने भारी संख्या में लोगों, विशेषकर युवाओं की भागीदारी की सराहना करते हुए कहा कि इस तरह के आयोजन खेल गतिविधियों, शारीरिक फिटनेस और युवाओं की सकारात्मक भागीदारी को बढ़ावा देने में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने के लिए अधिकारियों, स्वयंसेवकों, खेल संगठनों और प्रायोजकों का आभार जताया। साथ ही सीपीओ कठुआ और संबंधित विभागों के अधिकारियों के प्रयासों की भी सराहना की।

प्रतियोगिता के 2 किलोमीटर वर्ग (6 से 12 वर्ष) के लड़कों के वर्ग में आर्यन सिंह ने पहला, अर्जित सिंह ने दूसरा और नक्ष शर्मा ने तीसरा स्थान हासिल किया। लड़कियों के वर्ग में अनायला खुल्लर प्रथम, अमारिया द्वितीय और निखत शफीक तृतीय स्थान पर रहीं। 5 किलोमीटर वर्ग में पुरुषों में इरफान अली और महिलाओं में दिव्या ने पहला स्थान हासिल किया। पुरुषों में स्पर्श शर्मा और महिलाओं में अक्षिता बधवाल ने दूसरा जबकि पुरुषों में अक्षिता बधवाल और महिलाओं में मानत शर्मा ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 10 किलोमीटर वर्ग के पुरुष वर्ग में सायोम महाजन, आर्यन वर्मा और अरिंदम रवि क्रमशः पहले तीन स्थानों पर रहे। महिला वर्ग में वंदना मेहरा ने पहला, अवस्यु ने दूसरा और रिओना ने तीसरा स्थान हासिल किया। 20 किलोमीटर वर्ग के पुरुष वर्ग में अरफात बशीर, आदिल टेली और साहिल वर्मा ने पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया। महिला वर्ग में ऐमन जान प्रथम, मान्यता द्वितीय और सुनैना तृतीय स्थान पर रहीं। विभिन्न श्रेणियों के विजेताओं को पदक और नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर निदेशक समाज कल्याण रंजीत सिंह, एडीसी कठुआ सचिन जम्वाल, एसीआर विश्व प्रताप सिंह, एएसपी सुनील केसर, सीपीओ रंजीत ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। बाइसिकल फॉर चेंज के सुनील शर्मा, बरवाल एथलेटिक्स क्लब के रंजीत सिंह पठानिया और अन्य सहयोगी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भी आयोजन में भाग लिया। पहली कठुआ साइक्लोथॉन का सफल आयोजन जिले में खेल संस्कृति को मजबूत करने, युवाओं को सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने और स्वस्थ एवं नशामुक्त समाज के निर्माण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल साबित हुआ।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781396 Articles

Share this story