अखनूर के कामेश्वर मंदिर में बुढ़ा अमरनाथ यात्रियों का भव्य स्वागत
जम्मू,, 17 अगस्त (हि.स.)।
बुढ़ा अमरनाथ यात्रा पर जा रहे श्रद्धालुओं का अखनूर स्थित श्री कामेश्वर मंदिर में भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के स्वागत के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गईं। स्थानीय लोगों और धार्मिक संगठनों ने यात्रियों का गर्मजोशी से अभिनंदन किया।
कार्यक्रम के दौरान महामंडलेश्वर रामेश्वर दास जी महाराज ने श्रद्धालुओं को श्री कामेश्वर मंदिर के ऐतिहासिक और धार्मिक महत्व की जानकारी दी। उन्होंने मंदिर से जुड़ी प्राचीन परंपराओं और क्षेत्र की धार्मिक विरासत पर भी प्रकाश डाला।
महामंडलेश्वर रामेश्वर दास ने कहा कि बुढ़ा अमरनाथ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का आयोजन नहीं है, बल्कि यह धार्मिक सौहार्द, भाईचारे और आपसी एकता का प्रतीक भी है। उन्होंने कहा कि ऐसी यात्राएं विभिन्न समुदायों और क्षेत्रों के लोगों को एक-दूसरे के करीब लाने का काम करती हैं।
इस दौरान श्रद्धालुओं ने मंदिर में पूजा-अर्चना की और यात्रा की सफलता एवं सभी यात्रियों की सुखद यात्रा की कामना की। मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के स्वागत से उत्साह और धार्मिक माहौल देखने को मिला।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

