परगवाल में भव्य तिरंगा यात्रा, हजारों लोगों ने लिया हिस्सा

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 11 अगस्त (हि.स.)।

स्वतंत्रता और राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करने के उद्देश्य से मंगलवार को तहसील परगवाल में भव्य तिरंगा यात्रा का आयोजन किया गया। यात्रा का शुभारंभ राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय परगवाल से हुआ। इसमें हजारों की संख्या में स्थानीय नागरिकों, विद्यार्थियों, युवाओं, महिलाओं, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों और विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

हाथों में तिरंगा लेकर और देशभक्ति के नारों के साथ निकली यात्रा पूरे परगवाल क्षेत्र से होकर गुजरी। इस दौरान पूरा क्षेत्र राष्ट्रभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। विभिन्न आयु वर्ग के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लेते हुए राष्ट्रीय एकता, अखंडता और देशप्रेम का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा के दौरान प्रतिभागी शहीद मोहिंदर पाल के स्मारक पर पहुंचे, जहां सभी ने पुष्प अर्पित कर शहीद को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। उपस्थित लोगों ने राष्ट्र की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सपूतों को नमन करते हुए उनके बलिदान और योगदान के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर अखनूर विधानसभा क्षेत्र के विधायक मोहन लाल भगत भी तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। उन्होंने आम लोगों के साथ कदम से कदम मिलाकर यात्रा में हिस्सा लिया और राष्ट्रीय ध्वज के सम्मान के साथ देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत बनाए रखने का संदेश दिया।

तिरंगा यात्रा के आयोजन ने क्षेत्र में देशभक्ति और सामाजिक एकजुटता की भावना को और मजबूत किया। प्रतिभागियों ने राष्ट्र के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त करते हुए लोगों से राष्ट्रीय ध्वज का सम्मान करने और देश की एकता एवं अखंडता को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान किया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story