सुल्तानपुर में 22 मार्च को भव्य माता कंजक देवी जागरण, तैयारियां अंतिम चरण में

WhatsApp Channel Join Now
सुल्तानपुर में 22 मार्च को भव्य माता कंजक देवी जागरण, तैयारियां अंतिम चरण में


जम्मू, 19 मार्च (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के सुल्तानपुर (बिश्नाह) स्थित जय कंजक देवी स्थान में 22 मार्च को भव्य माता कंजक देवी जागरण के आयोजन को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता आयोजित की गई। आयोजन समिति के सदस्यों ने कार्यक्रम की रूपरेखा, तैयारियों और श्रद्धालुओं के लिए की जा रही व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी साझा की।

आयोजकों ने बताया कि यह जागरण चैत्र नवरात्र के चौथे दिन आयोजित किया जाएगा जो रविवार शाम 7 बजे शुरू होगा। स्थानीय लोगों के सहयोग से आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

प्रेस वार्ता में चमन लाल केरनी, सुदेश कुमार, द्वारका नाथ शर्मा, सतीश शर्मा, रामजी शर्मा, नितिन शर्मा, विशाल शर्मा, जीत राज शर्मा और दीपक शर्मा सहित कई गणमान्य सदस्य मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं और कार्यक्रम को भव्य व सुव्यवस्थित बनाने के लिए सभी आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायक सोनाली डोगरा, नारायण भारती, अंकुश शर्मा और हैप्पी राही अपनी प्रस्तुतियों से भक्तिमय माहौल बनाएंगे। संगीत निर्देशन राम पॉल द्वारा किया जाएगा जबकि कार्यक्रम का संचालन परवीन शर्मा करेंगे।

श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बैठने, पेयजल और प्रसाद वितरण की समुचित व्यवस्था की गई है। साथ ही, सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम भी किए जा रहे हैं ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से बड़ी संख्या में भाग लेकर माता कंजक देवी का आशीर्वाद प्राप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस तरह के धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता, सद्भाव और सांस्कृतिक परंपराओं को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग के लिए मीडिया का भी आभार व्यक्त किया गया।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story