एलीट मास्टर्स कप 2026 का शानदार समापन, जम्मू-कश्मीर पुलिस बनी चैंपियन

WhatsApp Channel Join Now
एलीट मास्टर्स कप 2026 का शानदार समापन, जम्मू-कश्मीर पुलिस बनी चैंपियन


जम्मू, 31 मई (हि.स.)। आईआईटी जम्मू के चिनार इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित प्रतिष्ठित प्रोफेशनल बैडमिंटन टीम चैंपियनशिप एलीट मास्टर्स कप (ईएमसी) 2026 का तीन दिनों तक चले रोमांचक मुकाबलों के बाद समापन हो गया। प्रतियोगिता में विभिन्न सरकारी विभागों, सुरक्षा बलों और पेशेवर संस्थानों से जुड़े खिलाड़ियों ने भाग लेकर खेल प्रतिभा, फिटनेस और खेल भावना का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया।

चैंपियनशिप में भारतीय सेना, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ), मीडिया, बार एसोसिएशन, जम्मू-कश्मीर पुलिस, जम्मू-कश्मीर पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट (जेकेपीडीडी), युवा सेवा एवं खेल विभाग (डीवाईएसएस) तथा आईआईटी जम्मू के फैकल्टी एवं स्टाफ की टीमों ने हिस्सा लिया। तीन दिनों तक चले मुकाबलों में खिलाड़ियों ने शानदार कौशल, अनुशासन और प्रतिस्पर्धी भावना का परिचय दिया।

कड़े मुकाबलों के बाद जम्मू-कश्मीर पुलिस की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए टूर्नामेंट के पहले संस्करण का खिताब अपने नाम किया। जम्मू-कश्मीर पावर डेवलपमेंट डिपार्टमेंट (जेकेपीडीडी) की टीम उपविजेता रही। वहीं काटू सत्य मीडिया टीम और आईआईटी जम्मू फैकल्टी एवं स्टाफ की टीमों ने सेमीफाइनल तक पहुंचकर सराहनीय प्रदर्शन किया। समापन समारोह में विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफियां तथा उत्कृष्ट खिलाड़ियों को व्यक्तिगत पदकों से सम्मानित किया गया।

चैंपियन टीम की ट्रॉफी आईआईटी जम्मू के डीन अकादमिक अफेयर्स डॉ. सरताज उल हसन ने प्रदान की जबकि उपविजेता ट्रॉफी डॉ. नितिन जोशी ने भेंट की।

आयोजकों ने कहा कि एलीट मास्टर्स कप का उद्देश्य विभिन्न क्षेत्रों के पेशेवरों को खेलों के माध्यम से एक साझा मंच प्रदान करना, आपसी सहयोग को बढ़ावा देना और फिटनेस व स्वस्थ जीवनशैली को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने बताया कि यह आयोजन ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ की भावना के अनुरूप है जो लोगों को सक्रिय जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित करता है। यह प्रतियोगिता आईआईटी जम्मू के निदेशक मनोज सिंह गौर के मार्गदर्शन में आयोजित की गई। समापन समारोह में डॉ. अनुप शुक्ला, डॉ. शिवा एस, डॉ. दीपक यादव, डॉ. अभिषेक कुमार, डॉ. पंकज चौहान, डॉ. अरविंद कुमार, कर्नल पी.एस. राठौर, डॉ. आर.पी. प्रजापत और राज श्रीवास्तव सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

आईआईटी जम्मू ने सभी प्रतिभागी टीमों, अधिकारियों, तकनीकी स्टाफ, स्वयंसेवकों और आयोजन समिति के सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए विश्वास जताया कि एलीट मास्टर्स कप आने वाले वर्षों में क्षेत्र का एक प्रमुख खेल आयोजन बनेगा और पेशेवरों के बीच खेल संस्कृति, फिटनेस तथा आपसी सहयोग को और अधिक मजबूत करेगा।

हिन्दुस्थान समाचार / राहुल शर्मा

Share this story