कठुआ में बैडमिंटन का महासंग्राम शुरू, डीसी ने खिलाड़ियों को दिया उत्कृष्टता का मंत्र

WhatsApp Channel Join Now
कठुआ में बैडमिंटन का महासंग्राम शुरू, डीसी ने खिलाड़ियों को दिया उत्कृष्टता का मंत्र


कठुआ, 06 अक्टूबर (हि.स.)। इंडोर स्टेडियम कठुआ में मंगलवार को अंतर-जिला संभाग स्तरीय वार्षिक ऑल एज ग्रुप बैडमिंटन टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। युवा सेवा एवं खेल विभाग कठुआ की ओर से आयोजित इस प्रतियोगिता में लड़के और लड़कियां विभिन्न आयु वर्गों में हिस्सा ले रहे हैं। उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा ने बतौर मुख्य अतिथि प्रतियोगिता का विधिवत उद्घाटन किया।

इस अवसर पर सीपीओ कठुआ रंजीत ठाकुर, जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी सुनील कुमार सहित विभाग के अधिकारी मौजूद रहे। खिलाड़ियों से बातचीत करते हुए डीसी ने उन्हें खेल भावना, अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी प्रतिभा को निखारने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों को उपलब्ध अवसरों का पूरा लाभ उठाते हुए कड़ी मेहनत और सकारात्मक सोच के साथ खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने का प्रयास करना चाहिए।

राजेश शर्मा ने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास, टीम भावना और स्वस्थ जीवनशैली विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने खिलाड़ियों से अपने खेल के प्रति निरंतर समर्पित रहने तथा स्वस्थ, अनुशासित और नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने का आह्वान किया। इससे पहले जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी सुनील कुमार ने मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं युवा खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने, प्रतिस्पर्धात्मक अनुभव हासिल करने और स्वस्थ प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करने का बेहतर मंच प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम के दौरान खिलाड़ियों और अधिकारियों को खेल भावना तथा नशामुक्त अभियान की शपथ भी दिलाई गई। इस अवसर पर अनुशासन, स्वस्थ जीवनशैली और नशामुक्त समाज के प्रति सामूहिक प्रतिबद्धता का संदेश दिया गया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Share this story