रिफॉर्म उत्सव के तहत कठुआ की 24 पंचायतों में हुई ग्राम सभाएं
कठुआ, 30 अक्टूबर (हि.स.)। जिला प्रशासन कठुआ की ओर से रिफॉर्म उत्सव 2026 के तहत जिले के विभिन्न ब्लॉकों की 24 पंचायतों में चार दिनों तक ग्राम सभाओं का आयोजन किया गया। 27 अक्टूबर को छह, 28 अक्टूबर को पांच, 29 अक्टूबर को आठ और 30 अक्टूबर को पांच ग्राम सभाएं आयोजित की गईं।
इन ग्राम सभाओं में स्थानीय लोगों, पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों तथा विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने भाग लिया। इस दौरान लोगों को सरकारी कल्याणकारी योजनाओं, पात्रता और आवेदन प्रक्रिया की जानकारी दी गई। साथ ही पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया गया।
बैठकों में ग्रामीणों ने पेयजल, सड़क, बुनियादी सुविधाओं, आधारभूत ढांचे और स्थानीय विकास कार्यों से जुड़े मुद्दे उठाए तथा अपने सुझाव भी रखे। प्रशासन ने लोगों की समस्याओं और सुझावों के माध्यम से पंचायत स्तर पर विकास कार्यों को जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने पर जोर दिया। जिला प्रशासन ने कहा कि रिफॉर्म उत्सव का उद्देश्य ग्राम सभाओं के माध्यम से जनभागीदारी बढ़ाना, प्रशासनिक पारदर्शिता सुनिश्चित करना और सरकारी सेवाओं को अधिक प्रभावी एवं नागरिक-केंद्रित बनाना है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

