सरकार ने कश्मीर घाटी में कृषि उत्पादन विभाग को 320 कनाल और 4 मरला भूमि हस्तांतरित करने की मंजूरी दी

WhatsApp Channel Join Now


जम्मू, 24 नवंबर (हि.स.)। जम्मू-कश्मीर के बागवानी और कृषि क्षेत्रों को मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए सरकार ने कश्मीर घाटी के तीन जिलों में आधुनिक फल और सब्जी बाजार स्थापित करने के लिए कृषि उत्पादन विभाग को 320 कनाल और 4 मरला भूमि हस्तांतरित करने की मंजूरी दे दी है। मंत्रिपरिषद द्वारा जनहित में अनुमोदित यह भूमि बारामूला, पुलवामा और कुलगाम जिलों में चिन्हित स्थानों पर नि:शुल्क हस्तांतरित की जाएगी।

प्रस्तावित स्थलों में बारामूला जिले की तहसील पट्टन के पलहल्लन गांव में 50 कनाल, पुलवामा जिले की तहसील त्राल के नौदल गांव में 20 कनाल और 4 मरला तथा कुलगाम तहसील और जिले के कुलगाम गांव में 250 कनाल भूमि शामिल है। प्रस्तावित बाजारों से किसानों जिनमें लघु एवं सीमांत किसान और महिला किसान शामिल हैं को संगठित विपणन सुविधाओं तक बेहतर पहुंच और अपनी उपज के लिए लाभकारी मूल्य प्राप्त करने के बेहतर अवसर मिलेंगे। आधुनिक बुनियादी ढांचे और सुविधाओं से सुसज्जित ये बाजार पारदर्शी मूल्य निर्धारण, मानकीकृत इलेक्ट्रॉनिक वजन प्रणाली, डिजिटल भुगतान और कृषि उत्पादों के कुशल प्रबंधन को बढ़ावा देंगे। इन सुविधाओं में ग्रेडिंग, छँटाई, भंडारण और परिवहन के लिए बेहतर व्यवस्था भी शामिल होगी जिससे फसल कटाई के बाद होने वाले नुकसान को कम करने, विपणन लागत को न्यूनतम करने और उपभोक्ताओं को ताजे उत्पाद उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। इस पहल का उद्देश्य कृषि आपूर्ति श्रृंखलाओं को मजबूत करना, बाजार संबंधों को बेहतर बनाना और क्षेत्र में मूल्यवर्धन को बढ़ावा देना है। इससे व्यापार, परिवहन, रसद और अन्य संबंधित गतिविधियों में रोजगार के अवसर पैदा होने की भी उम्मीद है, साथ ही किसानों की आय में वृद्धि और सतत ग्रामीण विकास में योगदान मिलेगा। यह पहल मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के नेतृत्व में सरकार के कृषि और बागवानी अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, बाजार के बुनियादी ढांचे में सुधार करने और किसानों को उनकी मेहनत का बेहतर प्रतिफल सुनिश्चित करने पर केंद्रित दृष्टिकोण को रेखांकित करती है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

782652 Articles

Share this story