सातवें दिन भी जारी रहा जीएमसी कर्मचारियों का प्रदर्शन, शहर में निकाली रैली

WhatsApp Channel Join Now


सातवें दिन भी जारी रहा जीएमसी कर्मचारियों का प्रदर्शन, शहर में निकाली रैली


कठुआ, 23 नवंबर (हि.स.)। जीएमसी कठुआ के गैर-राजपत्रित कर्मचारियों का सेवा भर्ती नियमों को अंतिम रूप देकर अधिसूचित करने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण धरना सोमवार को लगातार सातवें दिन भी जारी रहा। इस दौरान कर्मचारियों ने एसोसिएटेड अस्पताल से शहीदी चौक होते हुए मुख्य बाजार स्थित मुखर्जी चैक तक मार्च रैली निकाली।

कर्मचारियों ने कहा कि 21 अगस्त को स्वास्थ्य मंत्री सकीना इटू की अध्यक्षता में हुई बैठक के बाद 30 सितंबर तक भर्ती नियमों को अधिसूचित करने की घोषणा की गई थी लेकिन तय समय सीमा बीतने के बावजूद अधिसूचना जारी नहीं हुई है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2018 में 300 बिस्तरों वाले अस्पताल के लिए 549 गैर-राजपत्रित पद स्वीकृत किए गए थे जबकि वर्तमान में करीब 280 कर्मचारी ही कार्यरत हैं। इस बीच अस्पताल की क्षमता 600 बिस्तरों तक पहुंच गई है और एमबीबीएस सहित नर्सिंग, पैरामेडिकल तथा पीजी पाठ्यक्रम भी शुरू हो चुके हैं। इसके बावजूद कर्मचारियों की संख्या में बढ़ोतरी नहीं हुई है। कर्मचारियों ने भर्ती नियमों को जल्द अधिसूचित करने, रिक्त पद भरने और संस्थान की जरूरत के अनुसार नए पद सृजित करने की मांग की। प्रदर्शन के दौरान एनजीओ बदलाव ने कर्मचारियों की मांगों का समर्थन करते हुए हस्ताक्षर अभियान भी शुरू किया। कर्मचारियों ने स्पष्ट किया कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण है और आपातकालीन, आईसीयू, ऑपरेशन थिएटर, लेबर रूम सहित सभी आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं सामान्य रूप से जारी हैं। उन्होंने उपराज्यपाल, मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप कर मांगों का शीघ्र समाधान करने की अपील की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

781998 Articles

Share this story