सांबा में 7 करोड़ रुपये से बनेगा छात्राओं का छात्रावास-मंत्री राणा

WhatsApp Channel Join Now
सांबा में 7 करोड़ रुपये से बनेगा छात्राओं का छात्रावास-मंत्री राणा


सांबा, 05 नवंबर (हि.स.)। जनजातीय मामलों के मंत्री जावेद अहमद राणा ने सांबा में छात्राओं के लिए 7 करोड़ रुपये की लागत से छात्रावास बनाने की घोषणा की। उन्होंने अधिकारियों को जनजातीय समुदायों के विकास के लिए ट्राइबल सब प्लान (टीएसपी) के तहत आबादी और जरूरतों के अनुरूप पर्याप्त बजट आवंटित करने के निर्देश दिए।

जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत सांबा में जनजातीय समुदायों के प्रतिनिधियों से बातचीत के दौरान मंत्री ने आवास, शिक्षा, छात्रवृत्ति, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, बिजली और रोजगार से जुड़ी समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सभी जायज शिकायतों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करने को कहा। राणा ने कहा कि जनजातीय समुदायों का विकास केवल जनजातीय मामलों के विभाग की जिम्मेदारी नहीं बल्कि सभी विभागों का सामूहिक दायित्व है। उन्होंने दूरदराज के जनजातीय क्षेत्रों में विशेष शिविर लगाकर पात्र परिवारों को सरकारी योजनाओं का लाभ देने तथा शिक्षा, स्वास्थ्य, सामाजिक सुरक्षा और रोजगार योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। बाद में मंत्री ने जतवाल स्थित एफसीआई गोदाम का निरीक्षण कर खाद्यान्न की उपलब्धता, भंडारण व्यवस्था और राशन वितरण की समीक्षा की। उन्होंने लाभार्थियों को समय पर राशन उपलब्ध करवाने तथा वितरण व्यवस्था में पारदर्शिता बनाए रखने के निर्देश दिए। इस दौरान डीसी सांबा सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

Livevns.news Desk
Livevns.news Desk

772993 Articles

Share this story