23 से 25 मई तक जम्मू और कश्मीर में सुबह के समय सामान्यतः शुष्क मौसम रहने की संभावना
श्रीनगर, 23 मई (हि.स.)। श्रीनगर मौसम विज्ञान केंद्र ने 23 से 25 मई तक जम्मू और कश्मीर में सुबह के समय सामान्यतः शुष्क मौसम रहने की संभावना व्यक्त की है। दोपहर बाद छिटपुट स्थानों पर हल्की बारिश, तेज हवाएं और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विभाग के अनुसार, 26 और 27 मई को केंद्र शासित प्रदेश में मौसम सामान्यतः गर्म और शुष्क रहने की संभावना है। विभाग ने बताया कि 28 से 29 मई तक जम्मू और कश्मीर में सामान्यतः बादल छाए रहेंगे और छिटपुट से लेकर व्यापक स्थानों पर एक या दो बार बारिश, गरज के साथ बौछारें और तेज हवाएं चलने की संभावना है। 30 मई से 2 जून तक मौसम आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है और दोपहर बाद कुछ स्थानों पर हल्की बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है।
मौसम विज्ञान केंद्र ने अपनी सलाह में केंद्र शासित प्रदेश के कुछ स्थानों पर गरज के साथ बारिश, बिजली गिरने, ओलावृष्टि और 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की चेतावनी दी है। विभाग ने यह भी कहा कि जम्मू मंडल के कई स्थानों पर गर्म और उमस भरा मौसम रहने की संभावना है और 25 से 27 मई के दौरान कुछ स्थानों पर लू चलने की आशंका है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुमन लता

