जम्मू के जीबी पंत अस्पताल का बंद पड़ा आउटडोर गेट फिर खुलेगा, वाइस चेयरमैन ऋषि दत्त शर्मा ने शुरू करवाया निर्माण कार्य
जम्मू,, 21 नवंबर (हि.स.)।
जम्मू कैंटोनमेंट बोर्ड के वाइस चेयरमैन ऋषि दत्त शर्मा ने आज नई बस्ती स्थित जीबी पंत अस्पताल का दौरा कर स्थानीय लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा करवाने की दिशा में कदम उठाया। दरअसल कुछ साल पहले अस्पताल का आउटडोर गेट बंद कर दिया गया था जिससे मरीजों और स्थानीय लोगों को आने-जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। लोगों की इस समस्या को देखते हुए ऋषि दत्त शर्मा ने कैंटोनमेंट बोर्ड के अधिकारियों के साथ मामला उठाया और बंद पड़े आउटडोर गेट को दोबारा खोलने के लिए निर्माण कार्य शुरू करवाया।
इस फैसले से स्थानीय लोगों को अस्पताल तक पहुंचने में राहत मिलने की उम्मीद है। वहीं लंबे समय से चली आ रही मांग पर कार्रवाई होने से स्थानीय लोगों ने खुशी जताते हुए वाइस चेयरमैन ऋषि दत्त शर्मा का आभार व्यक्त किया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

