बक्शी नगर फ्लाईओवर की डीपीआर और अलाइनमेंट सार्वजनिक करने की मांग

WhatsApp Channel Join Now

जम्मू,, 12 सितंबर (हि.स.)।

जम्मू में प्रस्तावित बक्शी नगर फ्लाईओवर परियोजना को लेकर पार्षद गौरव चौपड़ा ने सरकार और संबंधित विभागों से परियोजना की पारदर्शिता, प्रभावित दुकानदारों के पुनर्वास तथा सार्वजनिक धन के उपयोग पर स्पष्टता की मांग की है। उन्होंने कहा कि पवन आइसक्रीम से शकुंतला थिएटर तक प्रस्तावित फ्लाईओवर यातायात और क्षेत्र के विकास की दृष्टि से स्वागत योग्य कदम है लेकिन विकास कार्य प्रभावित लोगों के अधिकारों की कीमत पर नहीं होना चाहिए। चौपड़ा ने मांग की कि फ्लाईओवर की स्वीकृत डीपीआर, प्रस्तावित अलाइनमेंट और राइट टू वे को सार्वजनिक किया जाए तथा प्रभावित दुकानदारों, होटल संचालकों और अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों का वर्तमान राजस्व रिकॉर्ड के आधार पर विधिवत सर्वे कर उचित मुआवजा और पुनर्वास सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने नई बस्ती के दुकानदारों के मामले का हवाला देते हुए कहा कि बक्शी नगर में ऐसी स्थिति दोबारा नहीं बननी चाहिए। साथ ही उन्होंने महेशपुर चौक/मेडिकल कॉलेज के बाहर करीब 1 करोड़ रुपये की लागत से बनाए गए वर्टिकल गार्डन और आर्य समाज से पवन आइसक्रीम तक करीब 91 लाख रुपये के विकास कार्यों को लेकर तकनीकी एवं वित्तीय औचित्य पर सवाल उठाए। उन्होंने इन कार्यों के टेंडर, वर्क ऑर्डर, भुगतान और उपयोगिता का स्वतंत्र तकनीकी एवं वित्तीय ऑडिट कराने की मांग की। चौपड़ा ने कहा कि यदि किसी स्तर पर सार्वजनिक धन का अनावश्यक या दोहराव वाला खर्च सामने आता है तो जिम्मेदारी तय की जानी चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि वे विकास के विरोधी नहीं हैं, बल्कि पारदर्शी, तकनीकी रूप से उचित और लोगों को केंद्र में रखकर विकास चाहते हैं।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / अश्वनी गुप्ता

Share this story