गांदरबल पूलिस ने शहीद इंस्पेक्टर मुश्ताक अहमद बाबा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का किया उद्घाटन
गांदरबल, 24 मार्च (हि.स.)।
नागरिक कार्रवाई के तहत गांदरबल पुलिस ने शहीद इंस्पेक्टर मुश्ताक अहमद बाबा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया खेल भावना और युवाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण पहल के तहत गांदरबल पुलिस ने आज नागरिक कार्रवाई कार्यक्रम के अंतर्गत गांदरबल के क़मरिया स्टेडियम में शहीद इंस्पेक्टर मुश्ताक अहमद बाबा टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट का उद्घाटन किया। टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन गांदरबल के एसएसपी खलील अहमद पोसवाल (जम्मू के केपीएस) ने किया।
उद्घाटन मैच राइजिंग स्टार बदरकुंड और शल्लाबुघ ब्लास्टर्स के बीच खेला गया। जिले भर से कुल 32 टीमें इस टूर्नामेंट में भाग ले रही है जो खेल गतिविधियों में स्थानीय युवाओं के उत्साह और सक्रिय भागीदारी को दर्शाता है। इस अवसर पर एसएसपी गांदरबल ने भाग लेने वाली टीमों से बातचीत की और युवाओं में अनुशासन, टीम वर्क और सकारात्मक सोच विकसित करने में खेलों के महत्व पर प्रकाश डाला।
उन्होंने इस बात पर बल दिया कि इस तरह की पहल न केवल युवा प्रतिभाओं को अपने कौशल का प्रदर्शन करने का मंच प्रदान करती है बल्कि उनकी ऊर्जा को रचनात्मक कार्यों की ओर निर्देशित करने का एक साधन भी है। भाग लेने वाले खिलाड़ियों ने टूर्नामेंट के आयोजन और उन्हें स्वस्थ प्रतिस्पर्धा में भाग लेने का अवसर प्रदान करने के लिए गांदरबल पुलिस के प्रति आभार व्यक्त किया। इस आयोजन को स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों से उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली जिससे टूर्नामेंट की शानदार शुरुआत हुई।
गांदरबल पुलिस ने जिले में सामुदायिक-पुलिस संबंधों को मजबूत करने और शांति, सद्भाव और युवा विकास को बढ़ावा देने के लिए इस तरह के आयोजनों को जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / रमेश गुप्ता

