कठुआ में स्वतंत्रता दिवस समारोह की फुल ड्रेस रिहर्सल, देशभक्ति से सराबोर हुआ स्पोर्ट्स स्टेडियम
कठुआ, 13 अगस्त (हि.स.)। स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत गुरुवार को जिला स्पोर्ट्स स्टेडियम कठुआ में 80वें स्वतंत्रता दिवस की फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस, सीआरपीएफ, सेना और एनसीसी कैडेट्स की टुकड़ियों ने शानदार मार्चपास्ट प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम की शुरुआत उपायुक्त कठुआ राजेश शर्मा द्वारा राष्ट्रीय ध्वज फहराने के साथ हुई। इसके बाद उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्चपास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर संबोधित करते हुए उपायुक्त ने जिलेवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं और देश की आजादी के लिए सर्वोच्च बलिदान देने वाले स्वतंत्रता सेनानियों एवं वीर जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने लोगों से कठुआ के विकास में जिम्मेदार भागीदार बनने की अपील करते हुए स्वच्छता बनाए रखने, जल संरक्षण और पर्यावरण की सुरक्षा पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि कठुआ की प्रगति सामूहिक जिम्मेदारी है और युवाओं को अपनी ऊर्जा एवं प्रतिभा राष्ट्र निर्माण में लगाने के लिए आगे आना चाहिए। रिहर्सल के दौरान स्कूली एवं कॉलेज विद्यार्थियों ने देश की सांस्कृतिक विविधता को दर्शाते हुए रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए और स्वतंत्रता सेनानियों को श्रद्धांजलि दी। इस अवसर पर एडीडीसी सुरेंद्र मोहन शर्मा, एडीसी महिमा मदान, पीओ आईसीडीएस मोहम्मद सैयद खान, जीएम डीआईसी मुश्ताक चैधरी, एएसपी कठुआ सुनील केसरी, एसीआर विश्व प्रताप सिंह, सीपीओ रंजीत ठाकुर सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सचिन खजूरिया

